खेल की खबरें | आरसीबी ने जीत के साथ किया आगाज, गुजरात जाइंट्स को छह विकेट से हराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रिचा घोष के 27 गेंद में नाबाद 64 रन और एलिसे पैरी की 34 गेंद में 57 रन की पारी की मदद से गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने महिला प्रीमियर लीग के तीसरे सत्र के पहले मैच में शुक्रवार को गुजरात जाइंट्स को छह विकेट से हरा दिया ।
वडोदरा, 14 फरवरी रिचा घोष के 27 गेंद में नाबाद 64 रन और एलिसे पैरी की 34 गेंद में 57 रन की पारी की मदद से गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने महिला प्रीमियर लीग के तीसरे सत्र के पहले मैच में शुक्रवार को गुजरात जाइंट्स को छह विकेट से हरा दिया ।
जीत के लिये 202 रन का लक्ष्य आरसीबी ने नौ गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया । रिचा ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाये । वहीं पैरी ने छह चौके और दो छक्के जड़े । आखिर में कनिका आहूजा ने 13 गेंद में नाबाद 30 रन बनाये ।
कप्तान स्मृति मंधाना (नौ) और उनकी सलामी जोड़ीदार डैनी वियाट हॉज (चार) सस्ते में आउट हो गई जिसके बाद पैरी ने राघवी बिष्ट (25) के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिये 86 रन जोड़े । इसके बाद रिचा ने मोर्चा संभाल लिया ।
इससे पहले कप्तान एशले गार्डनर और अनुभवी बेथ मूनी के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जाइंट्स ने पांच विकेट पर 201 रन बनाये ।
मूनी ने 42 गेंद में आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाये जबकि गार्डनर ने 37 गेंद में 79 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें तीन चौके और आठ छक्के शामिल थे । इससे पहले गत चैम्पियन आरसीबी की कप्तान मंधाना ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया ।
स्कोर बोर्ड पर जब 41 रन टंगे थे तब लौरा वोल्वार्ट और डी हेमलता पवेलियन लौट गए लेकिन गार्डनर और मूनी ने टीम को इन झटकों से निकाला ।
आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिये 44 रन जोड़े । मूनी को लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने आउट किया जिनका कैच मंधाना ने लपका ।
गार्डनर ने इसके बाद वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डोटिन (13 गेंद में 25 रन) के साथ पांच ओवर में 67 रन जोड़े ।डोटिन ने अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया ।
महिलाओं की एशेज श्रृंखला से ही शानदार फॉर्म में चल रही गार्डनर ने प्रेमा और भारत की अंडर 19 तेज गेंदबाज वीजे जोशिता को एक ओवर में तीन छक्के लगाये ।
डोटिन को तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने आउट किया लेकिन तब तक गुजरात की टीम बड़ा स्कोर बना चुकी थी । रेणुका ने 25 रन देकर दो विकेट लिये ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2025 11:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

