एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | आरसीबी को फाइनल में पहुंचने के लिए मिला 102 रन का लक्ष्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 14.1 ओवर में 101 रन पर समेट दिया।

खेल की खबरें | आरसीबी को फाइनल में पहुंचने के लिए मिला 102 रन का लक्ष्य

मुल्लांपुर, 29 मई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 14.1 ओवर में 101 रन पर समेट दिया।

पंजाब किंग्स को अपने अति-आक्रामक रवैये का खामियाजा भुगतना पड़ा जिससे उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके जिसमें मार्कस स्टाइनिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए।

आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड (21 रन देकर तीन विकेट), भुवनेश्वर कुमार (17 रन देकर एक विकेट) और यश दयाल (26 रन देकर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने पिच का पूरा फायदा उठाया जिसके बाद लेग स्पिनर सुयश शर्मा (17 रन देकर तीन विकेट) ने घरेलू टीम के लिए मुश्किल खड़ी की।

पंजाब किंग्स 2014 के बाद अपने पहले प्लेऑफ मुकाबले में खेल रही थी।

सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य के दूसरे ही ओवर में आउट होने से पंजाब किंग्स के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और 15वें ओवर तक पूरी टीम पवेलियन में थी।

प्रियांश गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में दयाल की गेंद पर कवर पर कैच आउट हुए और उनके सलामी जोड़ीदार प्रभसिमरन सिंह (10 गेंद में 18 रन) अगले ओवर में भुवनेश्वर को विकेट दे बैठे।

प्रभसिमरन दो चौके जड़ने के बाद तीसरी गेंद को स्वीप करने के लिए आगे बढ़े लेकिन बल्ला छुआकर विकेटकीपर के हाथों लपके गए।

इस सत्र में टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर दो गेंद ही खेल सके थे कि तीसरी गेंद पर हेजलवुड का शिकार हो गए।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हेजलवुड ने फिर हमवतन जोश इंगलिस को आउट किया जिससे पंजाब किंग्स के ड्रेसिंग रूम में घबराहट का माहौल बन गया।

पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने आक्रामक शॉट लगाना जारी रखा जो उसकी पारी के पतन का कारण बना।

मार्कस स्टोइनिस (17 गेंद में 26 रन) और शशांक सिंह जैसे बल्लेबाज लेग स्पिनर सुयश की गुगली को समझ नहीं सके और स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में आउट हो गए।

मुशीर खान ने ‘इम्पैक्ट खिलाड़ी’ के रूप में आईपीएल में अप्रत्याशित पदार्पण किया लेकिन विकेटों की झड़ी के बीच सुयश की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में पवेलियन पहुंच गए।

बल्ले से खराब प्रदर्शन करने के बाद पंजाब किंग्स चाहेगी कि वह केकेआर के खिलाफ लीग चरण के प्रदर्शन का दोहराव करे जिसमें उसने यहां एक चुनौतीपूर्ण पिच पर 111 रन का बचाव किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2025 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).