खेल की खबरें | रविंद्र और विलियमसन के शतक, न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 363 रन का लक्ष्य दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र और केन विलियमसन के शतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 362 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है।

लाहौर, पांच मार्च सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र और केन विलियमसन के शतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 362 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर है।

रविंद्र (108 रन, 101 गेंद, 13 चौके, एक छक्का) और विलियमसन (102 रन, 94 गेंद, 10 चौके, दो छक्के) ने शतक जड़ने के अलावा दूसरे विकेट के लिए 164 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 49, 27 गेंद) और डेरिल मिचेल (49 रन, 37 गेंद) ने अंत में पांचवें विकेट के लिए 30 गेंद में 57 रन जोड़कर टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया। टीम ने अंतिम 10 ओवर में 112 रन जोड़े।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 72 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कागिसो रबादा ने 70 रन पर दो विकेट हासिल किए।

सेमीफाइनल के साथ ही पाकिस्तान में चैंपियन्स ट्रॉफी का अंत हो जाएगा क्योंकि अब फाइनल नौ मार्च को दुबई में भारत और बुधवार के मैच के विजेता के बीच खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद रविंद्र और विल यंग (21) ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को सतर्क शुरुआत दिलाई।

एनगिडी ने आठवें ओवर में यंग को एडेन मार्करम के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।

अपने शुरुआती छह ओवरों में सिर्फ 32 रन देने के बाद एनगिडी ने अंतिम ओवरों में खूब रन लुटाए।

रविंद्र ने इसके बाद विलियमसन के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। दोनों ने कई आकर्षक शॉट खेले और 25 ओवर से अधिक तक दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा।

बांग्लादेश के खिलाफ 112 रन बनाने रविंद्र ने मौजूदा चैंपियन्स ट्रॉफी में अपना दूसरा और आईसीसी टूर्नामेंट में अपना पांचवां शतक पूरा किया। उन्होंने रबादा की गेंद पर दो रन के साथ 93 गेंद में 100 रन के आंकड़े को छुआ।

रबादा ने रविंद्र को विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराके इस बड़ी साझेदारी का अंत किया।

विलियमसन ने भी वियान मुल्कर पर चौके के साथ 91 गेंद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा और एकदिवसीय क्रिकेट में 15वां शतक पूरा किया लेकिन इसी ओवर में एनगिडी को कैच दे बैठे।

टॉम लैथम सिर्फ चार रन बनाने के बाद रबादा की गेंद पर बोल्ड हो गए जिसके बाद ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया।

मिचेल ने 45वें ओवर में एनगिडी की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे जबकि अगले ओवर में फिलिप्स मार्को यानसेन पर लगातार चार चौके जड़े। मिचेल एनगिडी की गेंद पर रबादा को कैच देकर एक रन से अर्धशतक से चूक गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Zimbabwe vs South Africa, T20 World Cup 2026 51st Match Live Toss And Scorecard: दिल्ली में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Pitch Report: सुपर-8 के अहम मुकाबले में भारत के बल्लेबाज दिखाएंगे दम या वेस्टइंडीज के गेंदबाज करेंगे कमाल? यहां जानें पिच रिपोर्ट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? दिल्ली में जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

Aligarh School Bus Tragedy: अलीगढ़ में बड़ी लापरवाही, चलती स्कूल बस के टूटे फ्लोर से नीचे गिरी 7 साल की बच्ची, पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत; देखें VIDEO

\