खेल की खबरें | इंग्लैंड में टीम के साथ जुड़ने के लिए राऊफ के पास अधिक समय नहीं: मिसबाह

कराची, 21 जुलाई पाकिस्तान के मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता मिसबाह उल हक ने कहा है कि युवा तेज गेंदबाज हारिस राऊफ के पास टेस्ट और टी20 श्रृंखला के लिए इंग्लैंड में राष्ट्रीय टीम से जुड़ने के लिए अधिक समय नहीं है।

बांग्लादेश के खिलाफ इस साल की शुरुआत में घरेलू श्रृंखला के दौरान पदार्पण करने वाले राऊफ कोरोना वायरस परीक्षण में लगातार पॉजिटिव पाए गए हैं।

यह भी पढ़े | भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के प्रस्तावित दौरे से हटी: रिपोर्ट.

पिछले हफ्ते हुए परीक्षण में भी यह तेज गेंदबाज दोबारा पॉजिटिव पाया गया और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन्हें लाहौर के पांच सितारा अस्पताल में खिलाड़ियों के लिए तैयार जैविक रूप से सुरक्षित वातावरण से घर वापस लौटने की सलाह दी।

लगातार पॉजिटिव पाए जाने के बाद पिछले दो हफ्ते से राऊफ होटल में हैं।

यह भी पढ़े | T20 World Cup 2020: आईसीसी ने कहा- आस्ट्रेलिया 2021 में टी20 विश्व कप की मेजबानी करता है तो स्थगित हुए टूर्नामेंट के विकट वैध.

इंग्लैंड दौरे के लिए 29 सदस्यीय टीम में जगह बनाने वाले राऊफ के अब इस दौरे से बाहर होने की संभावना है क्योंकि पीसीबी ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के इंग्लैंड में टीम से जुड़ने की घोषणा की है।

बोर्ड ने सोमवार को बयान में कहा कि आमिर और दूसरे मालिशिए इमरान का लाहौर में कोरोना वायरस परीक्षण हुआ और अगर उनका दूसरा परीक्षण भी नेगेटिव आया तो वे इंग्लैंड रवाना होंगे।

आमिर शुरुआती टीम में शामिल नहीं थे क्योंकि अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण उन्होंने दौरे पर नहीं जाने का विकल्प चुना था।

मिसबाह ने कहा कि आमिर को टीम में शामिल करने से पहले उन्होंने कप्तानों और साथी चयनकर्ताओं से सलाह मशविरा किया।

मिसबाह ने कहा कि वह राऊफ को अधिक अनुभव दिलाना चाहते थे इसलिए टीम में चुना लेकिन दुर्भाग्य से उसके पॉजिटिव नतीजे के कारण सारी योजना पर पानी फिर गया।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि राऊफ के लिए इंग्लैंड में टीम से जुड़ना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।’’

पीसीबी ने कहा कि आमिर के टीम से जुड़ने पर विकेटकीपर बल्लेबाज रोहेल नजीर को रिलीज कर दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)