देश की खबरें | रतन टाटा ने सभी नियमों का पालन करते हुए टाटा समूह की कार्यशैली में सुधार किया : अमित शाह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर सहित)
(तस्वीर सहित)
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्योगपति रतन टाटा को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने सभी नियमों और विनियमों का पालन करते हुए टाटा समूह की कार्यशैली में सुधार किया।
अमित शाह ने दिल्ली स्थित ‘पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ के वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि रतन टाटा के नेतृत्व में टाटा ट्रस्ट ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और कैंसर देखभाल जैसे विविध क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘टाटा की विरासत आने वाले वर्षों में सभी व्यापारियों लिए प्रेरणा बनी रहेगी। वह सभी व्यवसायियों के लिए एक आदर्श बने रहेंगे।’’
गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को मुंबई में उद्योगपति रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह भारत सरकार की ओर से टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित उद्योगपति ने प्रमुख भारतीय व्यापार समूह के प्रमुख का पद उस समय संभाला, जब टाटा कंपनियों को बदलाव की आवश्यकता थी।
शाह ने कहा कि बहुत अध्ययन करने के बाद और काफी धैर्य रखने के बाद रतन टाटा ने सभी टाटा कंपनियों में बदलाव किया।
उन्होंने कहा, ‘‘टाटा समूह के अध्यक्ष के तौर पर रतन टाटा इसकी कार्यप्रणाली में सुधार लाए और सभी नियमों एवं विनियमों का पालन करते हुए इसे एक मजबूत औद्योगिक समूह के रूप में विकसित होने में मदद की।’’
गृह मंत्री उद्योगपति के अंतिम संस्कार के लिए मुंबई जा रहे हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए लाओस में हैं।
शाह ने पहले एक संदेश में कहा कि वह ‘‘महान उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी’’ रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हैं।
उन्होंने कहा कि रतन टाटा ने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया।
अमित शाह ने कहा, ‘‘जब भी मैं उनसे मिलता था तो भारत और यहां के लोगों की बेहतरी के लिए उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने हमेशा मुझे हैरान किया।’’
गृह मंत्री ने कहा कि देश और नागरिकों के कल्याण के प्रति रतन टाटा की प्रतिबद्धता के कारण लाखों सपने साकार हुए।
उन्होंने कहा, ‘‘काल रतन टाटा जी को उनके प्रिय देश से दूर नहीं कर सकता। वह हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। मेरी संवेदनाएं टाटा समूह और उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।’’
टाटा का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए बृहस्पतिवार को राज्य में एक दिवसीय शोक की घोषणा की है।
टाटा का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक दक्षिण मुंबई में नरीमन प्वाइंट स्थित ‘राष्ट्रीय प्रदर्शन कला केंद्र’ (एनसीपीए) में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार आज दिन में मुंबई के वर्ली इलाके में किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2024 01:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

