देश की खबरें | राष्ट्रीय मुर्मू का तीन दिवसीय झारखंड दौरा आज से
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रांची, 24 मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि झारखंड यात्रा के दौरान मुर्मू 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर जाएंगी, झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगी, रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) के दूसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी और खूंटी में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगी।
यह राष्ट्रपति पद संभालने के बाद झारखंड का उनका दूसरा दौरा होगा।
राष्ट्रपति सचिवालय ने एक बयान जारी कर बताया, “भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 24 से 26 मई 2023 तक झारखंड का दौरा करेंगी। 24 मई को वह रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन करेंगी। 25 मई को वह केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय द्वारा खूंटी में आयोजित महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।”
बयान में कहा गया है, “राष्ट्रपति 25 मई को नामकुम में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, रांची के दूसरे दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। उसी शाम, वह राजभवन में झारखंड सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।”
झारखंड सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति बुधवार को एक विशेष विमान से देवघर पहुंचेंगी और बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। उन्होंने कहा कि शाम को वह रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के एक नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगी।
देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर दौरे को देखते हुए बुधवार को सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक वहां श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा।
देवघर से मुर्मू रांची रवाना होंगी। रांची हवाई अड्डे से वह बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए बिरसा चौक जाएंगी और फिर अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेंगी, जहां वह लांस नायक अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि देंगी। इसके बाद, वह राजभवन जाएंगी।
झारखंड में राष्ट्रपति के स्वागत के लिए सड़कों पर बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं।
मुर्मू वर्ष 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर) सुभांशु जैन ने कहा कि शहर में 3,000 पुलिस कांस्टेबल और 900 अधिकारियों को तैनात किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2023 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

