कांग्रेस ने BJP के पक्ष में मतदान करने पर मणिपुर के दो विधायकों को जारी किया नोटिस
मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति ने राज्य से एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए हाल में हुए चुनाव में कथित रूप से बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने के लिए अपने दो विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. वांगखेई विधायक ओकराम हेनरी सिंह और सगोलबंद विधायक राजकुमार इमो सिंह को शुक्रवार को नोटिस जारी किए गए.
इम्फाल, 26 जुलाई: मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति ने राज्य से एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए हाल में हुए चुनाव में कथित रूप से बीजेपी (BJP) उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने के लिए अपने दो विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. वांगखेई विधायक ओकराम हेनरी सिंह और सगोलबंद विधायक राजकुमार इमो सिंह को शुक्रवार को नोटिस जारी किए गए.
नोटिसों में कहा गया है, "आपने 19 जून को राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करके भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के फैसले के खिलाफ काम किया और जान-बूझकर इस निर्णय का उल्लंघन किया. इससे हमारे उम्मीदवार को समर्थन देने के हमारी पार्टी के फैसले का ही उल्लंघन नहीं हुआ, बल्कि यह पार्टी सिद्धांतों के लिए भी हानिकारक है."
बीजेपी उम्मीदवार लीसेम्बा सानाजाओबा ने कांग्रेस (Congress) उम्मीदवार टी मांगी बाबू को हराकर राज्यसभा चुनाव जीता था. सानाजाओबा को 28 और बाबू को 24 मत मिले थे. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ओकराम ने बीजेपी उम्मीदवार की जीत के बाद आयोजित समारोह में शिरकत की थी.
राजकुमार पर पार्टी की अनुमति के बिना 30 जुलाई को चार्टर्ड विमान से मुख्यमंत्री एवं बीजेपी नेता एन बीरेन सिंह (N. Biren Singh) के साथ नयी दिल्ली जाने का आरोप है. दोनों विधायकों से इस बारे में बात करने के लिए संपर्क नहीं हो सका. कांग्रेस मणिपुर इकाई ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए दोनों से दो सप्ताह में जवाब देने को कहा है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2020 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

