देश की खबरें | महिला डॉक्टर से बलात्कार-हत्या: बंगाल में तीसरे दिन भी काम बंद, अस्पताल की सेवाएं प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोलकाता के एक अस्पताल में महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के दोषी को शीघ्र सजा देने की मांग को लेकर रविवार को तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहने से पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित हुईं।
कोलकाता, 11 अगस्त कोलकाता के एक अस्पताल में महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के दोषी को शीघ्र सजा देने की मांग को लेकर रविवार को तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहने से पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित हुईं।
विभिन्न सरकारी अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और ‘पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी’ (पीजीटी) चिकित्सक भी चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को उनमें से कोई भी ड्यूटी पर नहीं आया, जिससे विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को सेवा प्रदान करने में समस्याएं आ रही हैं।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अंदर बलात्कार और हत्या की शिकार हुई महिला चिकित्सक का शव शुक्रवार सुबह सेमिनार रूम में मिला। उसी दिन शाम से विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई। शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो अस्पताल परिसर में अक्सर आने वाला एक बाहरी व्यक्ति था।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि राज्य सरकार हमारी मांगों को पूरा करे और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि विशेष रूप से प्रशिक्षु चिकित्सा पेशेवरों की सुरक्षा को तत्काल और प्रभावी उपायों के साथ मजबूत किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सरकार को महत्वपूर्ण कदम उठाने चाहिए। यह घटना न केवल अस्पताल स्तर पर व्यवस्थागत विफलताओं का प्रतिबिंब है, बल्कि यह व्यापक सामाजिक मुद्दों की ओर भी इशारा करती है, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।’’
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को देश के हर हिस्से से समर्थन मिल रहा है। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफओआरडीए) ने प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सोमवार को देशभर में अस्पतालों में चुनिंदा सेवाएं बंद रखने का आह्वान किया है। एफओआरडीए ने अपने फैसले के बारे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सूचित कर दिया है।
‘पश्चिम बंगाल डॉक्टर्स फोरम’ ने भी राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर महिला चिकित्सक से बलात्कार और हत्या मामले की जांच के लिए एक निष्पक्ष जांच समिति गठित करने का अनुरोध किया है।
फोरम ने राज्य के विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा और दोषियों को मृत्युदंड देने की भी मांग की है।
इस बीच, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने गतिरोध से निपटने के लिए रविवार को सभी वरिष्ठ चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘स्थिति सामान्य होने तक यह आदेश जारी रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि अस्पतालों के प्रमुखों को इस संबंध में आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2024 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

