देश की खबरें | रानी मुखर्जी, करण जौहर आईएफएफएम से पहले ऑस्ट्रेलिया की संसद को संबोधित करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेत्री रानी मुखर्जी और फिल्म निर्देशक करण जौहर मेलबर्न में 15वें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) से पहले ऑस्ट्रेलिया की संसद को संबोधित करेंगे। आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 12 अगस्त अभिनेत्री रानी मुखर्जी और फिल्म निर्देशक करण जौहर मेलबर्न में 15वें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) से पहले ऑस्ट्रेलिया की संसद को संबोधित करेंगे। आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

करण जौहर और उनके निर्देशन में बनी ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’ तथा ‘कभी अलविदा न कहना’ में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री रानी मुखर्जी 13 अगस्त को संसद को संबोधित करेंगी।

मेलबर्न में 15 से 25 अगस्त तक आयोजित होने वाले आईएफएफएम में विविध प्रकार की फिल्में दिखाई जाएंगी जो भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करेंगी।

मुख्य भाषण के दौरान मशहूर हस्तियां, ऑस्ट्रेलिया की संसद के सदस्य और विभिन्न मंत्री उपस्थित रहेंगे, जो भारतीय सिनेमा के वैश्विक प्रभाव और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करेंगे।

मुखर्जी ने कहा कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की संसद में भारत के फिल्म जगत की ओर से प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने पर गर्व है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘यह भारत के फिल्म जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और सिनेमा के जरिए ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों पर भाषण देना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।’’

जौहर ने कहा कि भारतीय सिनेमा की अविश्वसनीय यात्रा का जश्न मनाने के लिए आयोजित इस ‘‘ऐतिहासिक समारोह’’ में भाषण के लिए आमंत्रित किए जाने पर वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह देखना अविश्वसनीय है कि फिल्म के लिए हम जो कहानियां रचते हैं, उन्हें इतनी दूर तक पंसद किया जाता है और यह क्षण भारतीय सिनेमा के सांस्कृतिक प्रभाव के विस्तार का प्रमाण है। इस आमंत्रण और मुझे सिनेमा जगत का प्रतिनिधित्व करने का मौका देने के लिए मैं सदन और सांसदों का आभारी हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\