एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | दक्षिण अफ्रीका के रामफोसा ने भारतीय मूल के कार्यकर्ता को पुलिस मंत्री नियुक्त किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने वर्तमान मंत्री सेंजो मचुनु को विशेष अवकाश पर भेजने के बाद रविवार को भारतीय मूल के वरिष्ठ कार्यकर्ता फिरोज कचालिया को पुलिस मंत्री नियुक्त किया।

विदेश की खबरें | दक्षिण अफ्रीका के रामफोसा ने भारतीय मूल के कार्यकर्ता को पुलिस मंत्री नियुक्त किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

जोहानिसबर्ग, 14 जुलाई दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने वर्तमान मंत्री सेंजो मचुनु को विशेष अवकाश पर भेजने के बाद रविवार को भारतीय मूल के वरिष्ठ कार्यकर्ता फिरोज कचालिया को पुलिस मंत्री नियुक्त किया।

रामफोसा ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित अपने संबोधन में यह घोषणा की। एक शीर्ष पुलिस आयुक्त ने मचुनु पर आपराधिक गिरोह के नेताओं के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद राष्ट्रपति ने कचालिया की नियुक्ति की घोषणा की।

दक्षिण अफ़्रीकी पुलिस सेवा के क्वाजुलु-नताल के प्रांतीय आयुक्त लेफ्टिनेंट जनरल नहलानहला मखवानाजी ने पिछले रविवार को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित प्रेस वार्ता से देश को चौंका दिया। इस प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कई तरह के आरोप लगाए जिनमें उन्होंने मचुनु और अन्य उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारियों पर अपराधियों की सहायता और उन्हें बढ़ावा देने में शामिल होने के आरोप भी लगाए।

राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा था कि वह ‘ब्रिक्स’ शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद इस मुद्दे पर फैसला करेंगे।

राष्ट्रपति ने एक जांच आयोग की घोषणा की, जो आरोपों की जांच करेगा और तीन महीने के भीतर एक अंतरिम रिपोर्ट देगा। कार्यवाहक उप मुख्य न्यायाधीश म्बुइसेली मदलंगा इस जांच का नेतृत्व करेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि इन आरोपों से संविधान, कानून के शासन और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर ये आरोप सही साबित होते हैं, तो दक्षिण अफ्रीका के लोगों का दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा की सुरक्षा और अपराध एवं भ्रष्टाचार से प्रभावी ढंग से लड़ने की उनकी क्षमता में विश्वास कम हो सकता है।’’

रामफोसा ने कहा कि उन्होंने मचुनु को तत्काल प्रभाव से छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि कैचालिया एक अगस्त को विटवाटरसैंड विश्वविद्यालय में कानून के प्रोफेसर के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद यह पद ग्रहण करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 12:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).