देश की खबरें | पुरी में रमाकांत रथ का अंतिम संस्कार किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उड़िया के प्रसिद्ध कवि और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रमाकांत रथ का सोमवार को पुरी के स्वर्गद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भुवनेश्वर, 17 मार्च उड़िया के प्रसिद्ध कवि और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रमाकांत रथ का सोमवार को पुरी के स्वर्गद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पद्म भूषण से सम्मानित कवि को ओडिशा पुलिस द्वारा पूर्ण राजकीय सम्मान दिए जाने के बाद रथ के बेटे पिनाकी ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी रथ के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रथ का रविवार को 90 वर्ष की आयु में यहां उनके आवास पर निधन हो गया।
रविवार रात दिल्ली के दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह रथ के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा और संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने भी रथ को श्रद्धांजलि अर्पित की।
माझी ने कहा, ‘‘राज्य ने एक महान सपूत खो दिया। कवि रमाकांत रथ आधुनिक उड़िया साहित्य के अग्रणी लेखक थे। वह एक कुशल प्रशासक भी थे और उन्होंने 1990 से 1992 तक मुख्य सचिव के रूप में जिम्मेदारियां संभालीं।’’
उन्होंने कहा कि रथ की ‘श्री राधा’ कविता उड़िया साहित्य में उत्कृष्ट रचना बनी रहेगी।
विपक्ष के नेता एवं बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘प्रसिद्ध कवि और साहित्यकार रमाकांत रथ के निधन की खबर सुनकर मुझे दुख हुआ। उन्होंने आधुनिक उड़िया साहित्य को समृद्ध बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। अपनी अनूठी लेखन शैली के कारण वह पाठकों के दिलों में अमर रहेंगे। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और रथ की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
इससे पहले, रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के राज्यपाल हरिबाबू कंभमपति और कई अन्य नेताओं ने रथ के निधन पर शोक व्यक्त किया।
रथ के प्रमुख काव्य संग्रहों में केते दिनारा (1962), अनेक कोठरी (1967), सप्तम ऋतु (1977), सचित्र अंधारा (1982), श्री राधा (1985) और श्रेष्ठ कविता (1992) शामिल हैं। उनकी कई कविताओं का अंग्रेजी और अन्य ओं में अनुवाद भी किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)