ताजा खबरें | राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण गतिरोध कायम, संजय सिंह निलंबित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से राज्यसभा में विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण जारी गतिरोध बुधवार को भी कायम रहा और तीन बार के स्थगन के बाद सदन की बैठक दोपहर दो बजकर तीन मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी। उच्च सदन में अशोभनीय आचरण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्य संजय सिंह को शुक्रवार तक के लिए निलंबित कर दिया गया।

नयी दिल्ली, 27 जुलाई संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से राज्यसभा में विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण जारी गतिरोध बुधवार को भी कायम रहा और तीन बार के स्थगन के बाद सदन की बैठक दोपहर दो बजकर तीन मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी। उच्च सदन में अशोभनीय आचरण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्य संजय सिंह को शुक्रवार तक के लिए निलंबित कर दिया गया।

उच्च सदन में मंगलवार को अशोभनीय आचरण के लिए 19 विपक्षी सदस्यों को वर्तमान सप्ताह के शेष समय के लिए निलंबित किया गया था। संजय सिंह को भी कल सदन में किए गये अशोभनीय आचरण के लिए आज निलंबित किया गया।

सुबह 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने सूचित किया कि आठ सदस्यों ने नियम 267 के तहत नोटिस दे कर नियत कामकाज स्थगित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ये नोटिस उन्होंने स्वीकार नहीं किए हैं।

सभापति ने कहा कि सदस्यों का मुख्य मुद्दा महंगाई है और शून्यकाल के दौरान सदस्य इस मुद्दे पर अपनी बात रख सकते हैं।

इस पर विपक्षी सदस्यों ने विरोध जताया और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान आम आदमी पार्टी के संजय सिंह एक तख्ती ले कर आसन के समक्ष आ गए। सिंह गुजरात में हु्ई जहरीली शराब त्रासदी का मुद्दा उठाने का प्रयास कर रहे थे।

सभापति नायडू ने अप्रसन्नता जाहिर करते हुए सिंह से अपने स्थान पर लौट जाने को कहा। उन्होंने कहा ‘‘यह आप क्या कर रहे हैं? मैं अपनी बात रख रहा हूं। क्या आप सुनना नहीं चाहते?’’ सिंह अपने स्थान पर आ गए।

नायडू ने बताया कि उन्होंने कुछ सदस्यों द्वारा दिए गए नोटिस अस्वीकार कर दिए हैं, हालांकि सदस्य शून्यकाल के दौरान अपने मुद्दे उठा सकते हैं। इसी बीच आप सदस्य संजय सिंह ने कहा कि गुजरात में जहरीली शराब पीने से 55 लोगों की जान जा चुकी है।

इस पर तल्ख लहजे में सभापति ने कहा ‘‘आप बैठ जाइये। यह क्या है ? गैरजिम्मेदारी की पराकाष्ठा... मुझे अपनी बात कहनी है।’’

सिंह के जोर देने पर नायडू ने उन्हें आगाह किया कि वह उनका नाम लेंगे और ‘‘फिर आप बाहर भेज दिए जाएंगे। आपको यह समझना होगा। मुझे इस हद तक मत उकसाइये। मुझे नियम 267 के तहत नोटिस देने वाले सदस्यों के नाम बताने हैं। क्या आपको उनके बारे में सुनने का धैर्य नहीं है? ’’

सभापति ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के जवाहर सरकार, द्रमुक सदस्य तिरुचि शिवा, भाकपा सदस्य विनय विश्वम, माकपा के इलामारम करीम, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, शक्तिसिंह गोहिल और के सी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और जावेद अली खान तथा आम आदमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह ने नियम 267 के तहत नोटिस दिए हैं।

नायडू ने कहा कि उन्होंने इन नोटिस पर गौर किया। उन्होंने कहा ‘‘इन्हें सामान्य तरीके से उठाया जा सकता है। इनमें से कुछ को मैं अन्य प्रस्तावों के तहत स्वीकार कर चुका हूं इसलिए फिलहाल मैंने इन्हें स्वीकार नहीं किया है।’’

इसी दौरान सदन में अन्य दलों के विपक्षी सदस्य अपने-अपने मुद्दे उठाने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे जिसके बाद सभापति ने 11 बज कर करीब सात मिनट पर ही बैठक दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने घोषणा की कि मंगलवार को भोजनावकाश के बाद कार्यवाही के दौरान आप सदस्य संजय सिंह ने अशोभनीय आचरण किया था। हरिवंश ने कहा कि सिंह ने न सिर्फ सदन के नियमों की अवहेलना की बल्कि आसन के निर्देशों का भी उल्लंघन किया और कागज फाड़कर उनके टुकड़े आसन की ओर फेंके। उन्होंने कहा कि सिंह का आचरण सदन की गरिमा के विरूद्ध था।

हरिवंश ने सिंह के खिलाफ नियम 256 लगाए जाने की घोषणा की। यह नियम किसी सदस्य द्वारा अशोभनीय आचरण करने पर उन्हें सदन से निलंबित किए जाने से संबंधित है।

संसदीय कार्य राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने इस संबंध में एक प्रस्ताव पेश किया जिसमे सिंह को अशोभनीय आचरण के चलते इस सप्ताह सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए जाने की बात कही गई थी।

उससभापति ने प्रस्ताव पर सदन में मौजूद सदस्यों से राय मांगी। सदन ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।

इसके बाद उपसभापति ने सिंह को सदन से बाहर जाने का निर्देश दिया लेकिन आप सदस्य सिंह सदन से बाहर नहीं गए। तब उपसभापति ने 12:03 बजे कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

दो बार के स्थगन के बाद 12:18 बजे जब उच्च सदन की बैठक शुरू हुई तो उपसभापति हरिवंश ने एक बार फिर सिंह को सदन से बाहर जाने का निर्देश दिया। लेकिन सिंह सदन से बाहर नहीं गए। वहीं कुछ सदस्य तख्तियां लेकर आसन के समीप आ गए।

सदन में व्यवस्था नहीं बनते देख उपसभापति ने बैठक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

दोपहर दो बजे बैठक फिर शुरू होने पर संजय सिंह और कुछ अन्य सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के समक्ष आ गये। पीठासीन उपाध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने संजय सिंह से सदन से बाहर चले जाने को कहा, किंतु उनकी अपील का कोई असर नहीं हुआ।

कालिता ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से सदन की मर्यादा को बनाये रखने और अनुशासन का पालन करने को कहा। किंतु विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी जारी रखी। सदन में हंगामा थमते न देख पीठासीन उपाध्यक्ष ने दोपहर दो बजकर तीन मिनट पर बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि कल जिन सदस्यों को निलंबित किया गया उनमें तृणमूल कांग्रेस के सात, द्रमुक के छह, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के तीन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक सदस्य शामिल हैं।

तृणमूल कांग्रेस के सुष्मिता देव, मौसम नूर, शांता छेत्री, डोला सेन, शांतनु सेन, अबीर रंजन विश्वास और नदीमुल हक को निलंबित किया गया है जबकि द्रमुक के निलंबित सदस्यों में एम मोहम्मद अब्दुल्ला, कनिमोझी एनवीएन सोमू, एम षणमुगम, एस क्लयाणसुंदरम, आर गिरिराजन और एन आर इलंगो शामिल हैं।

टीआरएस के निलंबित किए गए सदस्यों में बी लिंगैया यादव, रविचंद्र वड्डीराजू और दामोदर राव दिवाकोंडा शामिल है। माकपा के ए ए रहीम और वी शिवदासन तथा भाकपा के संदोष कुमार को भी इस सप्ताह के लिए सदन की बैठक से निलंबित किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

CSK vs GT, IPL 2026 37th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

DC vs PBKS, IPL 2026 35th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से रौंदा, प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने खेली आतिशी पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

LHQ vs PSZ, PSL 2026 38th Match Live Score Update: गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स बनाम पेशावर जाल्मी के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Live Score Update: सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट