ताजा खबरें | राज्यसभा: पीयूष गोयल ने विपक्ष पर विदेश नीति को लेकर राजनीति करने का लगाया आरोप

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में बृहस्पतिवार को काले कपड़े पहन कर आये विपक्षी दलों के सदस्यों पर तीखा प्रहार करते हुए सदन के नेता पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा विदेश नीति जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है तथा उनका विगत और वर्तमान ही नहीं भविष्य भी ‘काला’ है।

नयी दिल्ली, 27 अगस्त राज्यसभा में बृहस्पतिवार को काले कपड़े पहन कर आये विपक्षी दलों के सदस्यों पर तीखा प्रहार करते हुए सदन के नेता पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा विदेश नीति जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है तथा उनका विगत और वर्तमान ही नहीं भविष्य भी ‘काला’ है।

सदन के नेता गोयल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिछले कुछ महीनों में की गयी विदेश यात्रा के बारे में दिये गये बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यह बहुत ही ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि इतने गंभीर विषय पर भी राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भारत की अस्मिता से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत की जो बढ़ती छवि है, उसके बारे में हमारे माननीय विदेश मंत्री ने बयान दिया है और इससे पूरे देश को अवगत कराया है। मैं समझता हूं कि काले कपड़े पहनने वाले लोग समझ नहीं पा रहे है कि देश की बढ़ती ताकत क्या है?’’

उल्लेखनीय है कि आज सदन में विपक्ष के सदस्य काले कपड़े पहनकर आये थे। विपक्षी सदस्यों ने मणिपुर के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग और प्रधानमंत्री द्वारा इस विषय पर सदन में बयान नहीं देने के विरोध में काले कपड़े पहन रखे थे।

इसके बाद गोयल ने एक लिखा हुआ पर्चा पढ़ते हुए कहा, ‘‘जिनके मन में काला है, जिनके तन पर भी आज काला है, क्या छिपा है इनके दिल में, क्या इनके दिल में भी काला है, क्या शब्दों के बोल में काला है...क्या कारनामे हैं इनके, जो दिखाना नहीं चाहते और छिपाना चाहते हैं, वैसे तो आजकल काले कौवे भी इन पर आकर्षित होने लगे हैं। ’’

गोयल ने कहा, ‘‘इनका कल भी काला था, आज भी काला है और भविष्य भी काला है।’’

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष नकारात्मक सोच वाले लोग नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा पूरा विश्वास है कि इनके (विपक्ष के) जीवन में भी अंधेरा छंटेगा, इनको भी रोशनी दिखेगी, सूरज उगेगा... और एक विकसित और समृद्ध भारत के लिए कमल खिलता दिखेगा।’’

गोयल ने कहा कि ‘काला कपड़ा, काला काम, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी हिंदुस्तानी इनके काले काम को सहन नहीं करेगा।

इस दौरान विपक्षी सदस्य ‘प्रधानमंत्री सदन में आओ’ के नारे लगा रहे थे। इसके जवाब में गोयल के बयान के बाद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने ‘काला कपड़ा, काला काम, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाने शुरु कर दिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\