गुवाहाटी, 21 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा उम्मीदवार मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली ने बुधवार को असम की दो सीट के लिए अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों सीट हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में मौजूदा सांसदों के निचले सदन के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई थीं।
दास और तेली ने केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भावेश कलिता और पार्टी विधायकों की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन विधानसभा में अपने पर्चे दाखिल किए।
केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और कामाख्या प्रसाद तासा के क्रमशः डिब्रूगढ़ और काजीरंगा लोकसभा क्षेत्रों से निर्वाचित होने के कारण उच्च सदन की इन दो सीट के लिए उप चुनाव आवश्यक हो गए थे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता दास 1991, 2000, 2001 और 2006 में करीमगंज (उत्तर) निर्वाचन क्षेत्र से चार बार पार्टी के विधायक रहे हैं और वर्तमान में असम राज्य परिवहन निगम के अध्यक्ष हैं।
चाय बागान में काम करने वाले समुदाय का प्रमुख चेहरा तेली 2021 के बाद से (प्रधानमंत्री नरेन्द्र)मोदी के दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और श्रम और रोजगार राज्य मंत्री थे।
वह पहली बार 2014 में डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुने गए थे, लेकिन 2024 में उनके स्थान पर पार्टी ने सोनोवाल को मैदान में उतारा था।
प्रदेश भाजपा ने अंतिम चयन के लिए केंद्रीय संसदीय समिति को 10 नामों की सूची भेजी थी।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के दोनों उम्मीदवार राज्यसभा सीट जीतेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘तेली चाय बागान में काम करने वाले जनजाति समुदाय का एक प्रमुख चेहरा हैं और पिछले कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं, जबकि दास भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दास करीमगंज जिले से उच्च सदन में पहुंचने वाले पहले सदस्य होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि वे उत्कृष्ट और प्रेरणादायक राज्यसभा सदस्य होंगे।’’
सोनोवाल ने भी दोनों उम्मीदवारों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा की दो सीट के लिए उपचुनाव तीन सितंबर को होने हैं।
असम में राज्यसभा की सात सीट हैं, जिनमें से छह वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के पास हैं जबकि एक अन्य सीट का प्रतिनिधित्व एक निर्दलीय सांसद कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY