एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजनाथ सिंह ने हेगसेथ से बात की, रक्षा उद्योग सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मंगलवार को बात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को दिए गए अमेरिका के "अटूट समर्थन" की सराहना की।

देश की खबरें | राजनाथ सिंह ने हेगसेथ से बात की, रक्षा उद्योग सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया

नयी दिल्ली, एक जुलाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मंगलवार को बात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को दिए गए अमेरिका के "अटूट समर्थन" की सराहना की।

सिंह और हेगसेथ ने फोन पर हुई बातचीत में कई मुद्दों पर चर्चा की। इसमें प्रशिक्षण और सैन्य आदान-प्रदान सहित रक्षा क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग से लेकर उद्योग सहयोग का विस्तार शामिल था।

सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और प्रगाढ़ करने तथा क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करने के लिए चल रही एवं नयी पहलों की समीक्षा करने के लिए उत्कृष्ट चर्चा हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अमेरिका द्वारा दिए गए अटूट समर्थन की मैंने सराहना की। जल्द ही उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूं।’’

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राजनाथ सिंह और पीट हेगसेथ ने सभी क्षेत्रों में इस "महत्वपूर्ण और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी" को और आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी।

बयान में कहा गया, ‘‘दोनों नेताओं ने रक्षा क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग से लेकर प्रशिक्षण और सैन्य आदान-प्रदान तक और औद्योगिक सहयोग के विस्तार तक के व्यापक विषयों पर चर्चा की।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘उन्होंने इस महत्वपूर्ण और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी की गति को और बढ़ाने पर सहमति जतायी, विशेष रूप से अंतर-संचालन, रक्षा औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं के एकीकरण, साजो-सामान साझाकरण, संयुक्त सैन्य अभ्यासों में वृद्धि और अन्य समान विचारधारा वाले भागीदारों के साथ सहयोग जैसे क्षेत्रों में।’’

इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अमेरिका द्वारा दिए गए अटूट समर्थन की सराहना की।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री की सक्रिय और दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता की सराहना की, जिसने भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।’’

मंत्रालय ने बताया कि हेगसेथ ने राजनाथ सिंह को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया, ताकि वे व्यक्तिगत रूप से मुलाक़ात करके द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ा सकें।

यह इस वर्ष जनवरी के बाद से सिंह और हेगसेथ के बीच टेलीफोन पर तीसरी बातचीत थी, जो दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में बढ़ती घनिष्ठता को दर्शाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).