देश की खबरें | रजनीकांत: कुली और कंडक्टर से फिल्म जगत के सबसे करिश्माई अदाकार तक का सफर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फिल्म जगत में वैसे तो अनेक करिश्माई सितारे हैं किंतु रजनीकांत का स्थान उनमें सबसे अलग है क्योंकि आज भी उनके कई प्रशंसक उन्हें किसी देवता की तरह पूजते हैं। बाक्स आफिस पर उनकी सफलता की गाथा और उनके नाम पर आए दिन नये चुटकुले गढ़े जाना उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
नयी दिल्ली, एक अप्रैल फिल्म जगत में वैसे तो अनेक करिश्माई सितारे हैं किंतु रजनीकांत का स्थान उनमें सबसे अलग है क्योंकि आज भी उनके कई प्रशंसक उन्हें किसी देवता की तरह पूजते हैं। बाक्स आफिस पर उनकी सफलता की गाथा और उनके नाम पर आए दिन नये चुटकुले गढ़े जाना उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
सरकार ने बृहस्पतिवार को इस मशहूर अदाकार को सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से विभूषित करने की घोषणा की।
सत्तर साल के अभिनेता को वास्तविक जीवन में कभी कृत्रिम तरीके से हुलिया नहीं बदलने और कम होते बालों को भी कभी नहीं छिपाकर सहजता से रहने के लिए जाना जाता है।
पहले कुली और फिर बस कंडक्टर के रूप में काम करते हुए रजनी फिल्मों तक पहुंचे और साल दर साल ‘एंथिरन’ और ‘काला’ जैसी अनेक फिल्में करते हुए दक्षिण भारत के बड़े स्टार बन गये।
उनके साथ सबसे खास बात यह है कि भले ही लोगों ने उनकी फिल्म नहीं भी देखी हो, फिर भी उनके अंदाज, उनके व्यक्तित्व के कायल हैं।
रजनीकांत की फिल्म के रिलीज होने के बाद पहले शो को देखने के लिए सिनेमाघरों के बाहर रात से ही दर्शकों की कतार लगने की तस्वीरें सभी ने देखी होंगी। उनके कुछ प्रशंसक उनके पोस्टरों को दूध में नहलाते तो कुछ उनके कटआउट पर फूलमालाएं लादते और मूर्ति बनाकर उनकी पूजा करते तक देखे जाते रहे हैं।
अपने चाहने वालों के बीच ‘थलाइवा’ के नाम से मशहूर रजनीकांत की किसी नयी फिल्म की घोषणा हो या फिर उनका जन्मदिन, उनके प्रशंसकों के लिए त्योहार सा होता है। जापान से लेकर श्रीलंका तक उनके चाहने वालों की फौज है।
कई बार जब रजनीकांत की फिल्में समीक्षकों की ज्यादा वाहवाही नहीं भी लूट पातीं, तब भी उनका नाम बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को सफलता दिलाने के लिए काफी होता है।
पिछले करीब पांच दशकों से उनके नाम का डंका दक्षिण भारत में ही नहीं बल्कि बॉलीवुड में भी बज रहा है।
बेंगलुरू में एक मराठी परिवार में जन्मे रजनीकांत का मूल नाम शिवाजीराव गायकवाड़ है। वह अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं।
स्कूली दिनों से खेलों में रुचि रखने वाले रजनीकांत बेंगलुरू के रामकृष्ण मठ में नाटकों के मंचन में भाग लेते थे।
1956 में उनके पिता के सेवानिवृत्त होने के बाद पूरा परिवार बेंगलुरू के हनुमंत नगर में आकर बस गया।
वहां रजनीकांत ने कुली के रूप में काम किया और फिर बेंगलोर परिवहन निगम की बसों में कंडक्टर के रूप में सेवाएं दीं।
इसके बाद उन्होंने अपने साथी चालक और दोस्त राज बहादुर के प्रोत्साहित करने पर मद्रास फिल्म संस्थान से अभिनय का पाठ्यक्रम किया और फिल्मी दुनिया के इस महान कलाकार की अभिनय यात्रा शुरू हुई।
जानेमाने तमिल फिल्म निर्देशक के. बालसचंद्र की सलाह पर रजनीकांत ने तमिल बोलना भी सीख लिया और उनकी 1975 में आई फिल्म ‘अपूर्व रंगांगल’ से फिल्मों में पदार्पण किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)