एजेंसी न्यूज

राजस्थान: इस बार देर से होगी मानसून की विदाई

दोबारा सक्रिय हुए मानसून के कारण राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने मानसून के इस बार देरी से विदा होने की संभावना जताई है।

राजस्थान: इस बार देर से होगी मानसून की विदाई
Heavy Rain Photo Credits: IANS

जयपुर, 19 सितंबर: दोबारा सक्रिय हुए मानसून के कारण राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने मानसून के इस बार देरी से विदा होने की संभावना जताई है. मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार, सितंबर के आखिरी सप्ताह में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने तथा राज्य से मानसून की विदाई देरी से होने की प्रबल संभावना है। आमतौर पर मानसून मध्य सितंबर तक राज्य से विदाई ले लेता है.

वहीं मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते चौबीस घंटे के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र के अनुसार, इस दौरान बाड़मेर के सिंदरी में आठ सेंटीमीटर, बाड़मेर के सिवाना में पांच सेंटीमीटर, जालौर के जसवंतपुरा में पांच सेंटीमीटर, डूंगरपुर के गणेशपुरा में पांच सेंटीमीटर और उदयपुर के झाड़ोल में पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, प्रतापगढ़, धौलपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद सहित अनेक जिलों में बारिश हुई.

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र आज दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर स्थित है तथा एक और नया परिसंचरण तंत्र बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है. मौसम केंद्र ने बताया कि इस तंत्र के कारण मंगलवार को जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहने तथा रुक-रुक कर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश जारी रहने की सम्भावना है. उसके मुताबिक, वहीं जोधपुर, बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में 20 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी होगी.

इसके बाद आगामी दिनों में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है. मौसम केंद्र ने बताया कि इसी तरह पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी दो-तीन दिन बारिश की गतिविधियों में कमी होगी. 22 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की गतिविधियां पुनः शुरू होने की संभावना है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 19, 2023 04:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).