देश की खबरें | राजस्थान: मुख्यमंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों से तालमेल बनाकर सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरे राज्य, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में उच्च स्तर की सतर्कता और निगरानी बनाए रखने के अधिकारियों को बुधवार को निर्देश दिए।
जयपुर, 23 अप्रैल राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरे राज्य, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में उच्च स्तर की सतर्कता और निगरानी बनाए रखने के अधिकारियों को बुधवार को निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठककर शर्मा ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते प्रदेश के जिलों में विशेष सजगता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर तालमेल बनाते हुए काम करें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए, ‘‘छोटी से छोटी घटना और सूचना को गंभीरता से लिया जाए तथा तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। इस संबंध में कानून-व्यवस्था को लेकर गृह विभाग द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों की कड़ाई से तथा अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।’’
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रेंज प्रभारी, जिला प्रशासन एवं पुलिस से नियमित संपर्क में रहें तथा अपने प्रभार वाले क्षेत्र का दौरा भी करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता नियोजित करते हुए विशेष निगरानी की जाए ताकि पर्यटकों एवं आमजन के मन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि होटल, धर्मशाला जैसे स्थानों की लगातार जांच की जाए ताकि संदिग्ध गतिविधियों वाले व्यक्तियों को समय रहते चिह्नित किया जा सके।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर गहन निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती बरतते हुए भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करें और सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सही सूचना प्रसारित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला निंदनीय एवं कायरतापूर्ण घटना है तथा इससे पूरा देश स्तब्ध है।
उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्रा बीच में छोड़कर वापस भारत लौट आए हैं तथा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया है।
उन्होंने कहा कि इस हमले को अंजाम देने वाला कोई भी आतंकी सुरक्षा बलों से बच नहीं पाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यूआर साहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)