देश की खबरें | विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों में राजस्थान देश पर पहले स्थान पर: शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों पर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा।
जयपुर, 18 जून राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों पर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा।
वह मुख्यमंत्री कार्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा,‘‘राज्य सरकार ने अपने छह माह के अल्प कार्यकाल में ही चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य के विभिन्न मानकों पर राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा। साथ ही, 10 हजार से अधिक ‘वेलनेस सेंटर’ को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में राजस्थान को देश में अग्रणी बनाने तथा अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए कृतसंकल्पित है।
शर्मा के अनुसार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में चिकित्सा विभाग द्वारा ‘मिलावट के खिलाफ अभियान’ के तहत निरंतर निरीक्षण किए गए।
उन्होंने कहा कि समृद्ध समाज के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज का होना बेहद आवश्यक है तथा राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संस्थान इसी दिशा में काम कर प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों का उत्तम स्वास्थ्य राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण कर राज्य सरकार आयुष्मान राजस्थान की संकल्पना को साकार कर रही है।
आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भारतीय चिकित्सा पद्धति को और अधिक विकसित करने, चिकित्सा में भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने, अस्पतालों में आईटी के उपयोग, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, कैंसर स्क्रीनिंग को बढ़ाने सहित विभिन्न कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी परिवर्तित बजट में पांच साल के रोडमैप के साथ विकसित राजस्थान-2047 की परिकल्पना को भी शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बैठक में आए प्रतिनिधियों से कहा कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा तथा इन सुझावों को शामिल कर प्रदेशवासियों के लिए कल्याणकारी बजट लाया जाएगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत, सुगम एवं संवेदनशील बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि आगामी बजट में सबका साथ-सबका विकास की अवधारणा पर बल देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2024 07:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

