देश की खबरें | कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी रंधावा ने पार्टी नेताओं से जानकारी ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जयपुर दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को यहां पार्टी नेताओं से 'फीडबैक' लिया।
जयपुर, 29 दिसंबर कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जयपुर दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को यहां पार्टी नेताओं से 'फीडबैक' लिया।
रंधावा ने बैठकों की शुरुआत 2018 विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रहे उन लोगों के साथ की जो चुनाव हार गए थे। रंधावा ने उनसे सरकार के कामकाज का 'फीडबैक' लिया।
मिली जानकारी के अनुसार रंधावा को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली जिसमें कुछ लोगों ने सरकार की तारीफ की और कुछ ने सरकार पर निशाना साधा।
शाहपुरा विधानसभा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी आलोक बेनीवाल से चुनाव हारने वाले मनीष यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार निर्दलीय विधायक का समर्थन कर रही है जिससे वहां पार्टी संगठन कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक के सारे काम होते हैं जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बात पर 'ध्यान नहीं' दिया जाता।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि ऐसी ही प्रतिक्रिया उन सीटों पर चुनाव हारने वालों की ओर से दी गई, जहां निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे। सूत्रों के मुताबिक इसके साथ ही उन छह सीटों पर भी प्रतिक्रिया सरकार के प्रति नकारात्मक रही जहां से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक जीते।
उल्लेखनीय है कि बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतने वाले छह विधायक 2019 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस सरकार को 13 निर्दलीय विधायकों में से 11 का समर्थन भी प्राप्त है।
खंडेला सीट महादेव सिंह से हारने वाले सुभाष मील ने कहा कि कांग्रेस को वोट देने वालों की उपेक्षा की जा रही है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे। उन्होंने रंधावा साथ कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक ली एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। वहीं संगठन के आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक की गयी।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान आए रंधावा ने बुधवार को यहां कांग्रेस अधिवेशन में भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)