देश की खबरें | राजस्थान सरकार ने बसपा से कांग्रेस में आये दो विधायकों को सरकारी निकायों में अध्यक्ष नियुक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सोमवार को बसपा से कांग्रेस में आये दो विधायकों वाजिब अली और संदीप यादव को सरकारी निकायों में अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जयपुर, आठ अगस्त राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सोमवार को बसपा से कांग्रेस में आये दो विधायकों वाजिब अली और संदीप यादव को सरकारी निकायों में अध्यक्ष नियुक्त किया है।
वाजिब अली को राजस्थान राज्य खाद्य आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि संदीप यादव को भिवाडी शहरी आधारभूत विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार उन्हें किसी भी प्रकार के वेतन-भत्ते एवं आर्थिक परिलाभ देय नहीं होंगे।
वाजिब अली नगर (भरतपुर) से विधायक हैं, जबकि संदीप यादव तिजारा (अलवर) विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
उल्लेखनीय है कि वाजिब अली ने हाल ही में नाराजगी जताई थी और मंत्रियों व नौकरशाही पर निशाना साधते हुए कहा था कि कई विभागों में जनता के काम नहीं हो रहे हैं।
बसपा के टिकट पर 2018 विधानसभा चुनाव जीतने वाले सभी छह विधायक 2019 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
उनमें से राजेन्द्र गुढा को पिछले साल नवंबर में राज्यमंत्री बनाया गया था जबकि जोगिंदरा अवाना को इस साल फरवरी में देवनारायण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
गुढा ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा था। वाजिब अली और संदीप यादव की नियुक्ति को सरकार द्वारा उन्हें शांत करने की कावायद के रूप में देखा जा रहा है।
गुढा ने कहा था कि 2020 में राजनीतिक संकट के दौरान सरकार को उनका समर्थन महत्वपूर्ण था, लेकिन कांग्रेस ने उनसे किए वादे पूरे नहीं किए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)