देश की खबरें | राजस्थान: घड़साना में किसानों का आंदोलन समाप्त

जयपुर, छह अक्टूबर सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर राजस्थान के घड़साना कस्बे में आंदोलनरत किसानों ने अपना आंदोलन बुधवार को समाप्त कर दिया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पर खुशी जताते हुए कहा, ‘‘किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हमेशा रहेगा।’’

घड़साना में आंदोलन से जुड़े नेता शोपत मेघवाल ने बताया कि बीकानेर के संभागीय आयुक्त एवं मुख्य अभियंता के साथ हुई बातचीत में समझौता हो गया। उन्होंने बताया कि किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे प्रसन्नता है कि श्रीगंगानगर के घड़साना में प्रदेश सरकार के अधिकारियों एवं संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं बीच सिंचाई के पानी को लेकर समझौता हो गया, जिसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘राज्य सरकार सदैव किसान हितैषी एवं किसानों की मांगों के प्रति संवेदनशील रही है। किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है एवं हमेशा रहेगा।’’

उल्लेखनीय है कि सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर किसानों का महापड़ाव 27 सितंबर से घड़साना मंडी में जारी था। अधिकारियों एवं आंदोलनरत किसानों के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की वार्ताएं पहले भी हो चुकी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)