देश की खबरें | राजस्थान : दौसा में कांस्टेबल एक लाख रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को दौसा जिला स्थित नागल राजावतान थाने के कांस्टेबल को परिवादी से एक लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जयपुर, पांच मई राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को दौसा जिला स्थित नागल राजावतान थाने के कांस्टेबल को परिवादी से एक लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत की कि नागल राजावतान थाने में उसके विरूद्ध दर्ज प्रकरण में एफआर (अंतिम रिपोर्ट) लगाने की एवज में थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा और कांस्टेबल जगदीश मीणा तीन लाख रूपये की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ब्यूरो के दल ने शिकायत का सत्यापन कर बृहस्पतिवार को आरोपी कांस्टेबल जगदीश मीणा को परिवादी से दौसा में लालसोट रोड पर स्थित एक होटल में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
सोनी ने बताया कि प्रकरण में थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा की भूमिका संदिग्ध है, जिसकी जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है।
उन्होंने बताया कि बूंदी में ब्यूरो के एक अन्य दल ने विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता रामावतार व लाईनमैन ज्ञानस्वरूप को परिवादी से आवासीय मकान के विद्युत कनेक्शन की एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2022 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

