देश की खबरें | राजस्थान के कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने अपने खिलाफ लगे धोखाधड़ी के आरोप को खारिज किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने मंगलवार को अपने खिलाफ लगे धोखाधड़ी के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह उन्हें भू-माफिया के रूप में पेश करने की साजिश है।
जयपुर, 16 मई राजस्थान के कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने मंगलवार को अपने खिलाफ लगे धोखाधड़ी के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह उन्हें भू-माफिया के रूप में पेश करने की साजिश है।
चाकसू से कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी पर शनिवार को बजाज नगर थाने में एक महिला ने जमीन संबंधी मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था।
कांग्रेस के असंतुष्ट नेता सचिन पायलट के करीबी माने जाने वाले सोलंकी के खिलाफ बजाज नगर थाने में कौशल्या देवी ने प्राथमिकी दर्ज करवाई थी जिसमें विधायक पर उसकी जमीन को बिना भुगतान के अपने नाम करने का आरोप लगाया गया है।
दर्ज प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोलंकी ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने महिला को चेक दिए थे। विधायक ने कहा कि डेढ़ माह बाद मामला दर्ज कराना एक साजिश है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरी छवि खराब करने के लिए मुझे एक भू-माफिया के रूप में पेश करने की साजिश है। आरोप गलत हैं। मैंने 30 लाख रुपये का चेक दिया था। यदि बैंक को चेक प्रस्तुत नहीं किए गए तो यह मेरी गलती नहीं है।’’
सोलंकी ने आरोप लगाया कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। सोलंकी ने कहा, ‘‘मैं डरने वाला नहीं हूं।’’ विधायक ने कहा कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और अगर वह गलत हैं तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
बजाज नगर थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि खातीपुरा निवासी कौशल्या देवी ने विधायक सोलंकी पर बिना भुगतान किए धोखे से जमीन हड़पने का मामला शनिवार को दर्ज करवाया।
उन्होंने बताया कि कि महिला की शिकायत के आधार पर शनिवार को सोलंकी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 120 (बी) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि मामले की फाइल आगे की जांच के लिए सीआईडी अपराध शाखा को भेज दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)