देश की खबरें | राजस्थान: सैनिक कल्याण मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के खिलाफ मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के सैनिक कल्याण और पंचायती राज राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और उनके निजी सहायक सहित कुछ लोगों के खिलाफ एक व्यक्ति का अपहरण करने, उससे सादा(ब्लैंक) चेक लेने व धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
जयपुर, तीन फरवरी राजस्थान के सैनिक कल्याण और पंचायती राज राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और उनके निजी सहायक सहित कुछ लोगों के खिलाफ एक व्यक्ति का अपहरण करने, उससे सादा(ब्लैंक) चेक लेने व धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
उदयपुरवाटी झुंझुनूं से विधायक गुढ़ा व अन्य के खिलाफ यह मामला सीकर के नीमकाथाना निवासी दुर्गा सिंह ने बृहस्पतिवार को दर्ज करवाया। सिंह वार्ड पंच हैं।
नीमकाथाना के कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी बाबूलाल ने बताया कि नीम का थाना के मोदी बाग निवासी दुर्गा सिंह ने मंत्री राजेन्द्र गुढा, उनके निजी सहायक पी ए कृष्ण कुमार तथा विमला कंवर व अन्य के खिलाफ बृहस्पतिवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 143,323,347,365,504,506 और 4-6 के तहत मामला दर्ज करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि नीमकाथाना के वार्ड नंबर 31 निवासी शिकायतकर्ता दुर्गा सिंह ककराना पंचायत का वार्ड पंच है। घटना 27 जनवरी की है। उन्होंने बताया कि मामला मंत्री से जुड़ा होने के कारण आगे की कार्रवाई के लिये अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईडी-सीबी) को भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से मामला किसी भूखंड को लेकर पैसे के लेनदेन जुड़ा प्रतीत होता है।
उल्लेखनीय है कि गुढ़ा उन छह विधायकों में से एक हैं जिन्होंने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की टिकट पर जीता था, लेकिन बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए। गुढ़ा को बाद में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। अपने मुखर बयानों के लिए प्राय: चर्चा में रहने वाले गुढ़ा हाल ही में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत करते नजर आए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)