देश की खबरें | राजस्थान बजट: भाजपा ने लोकलुभावन बताया, कांग्रेस ने ऐतिहासिक करार दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने जहां आगामी वित्त वर्ष के बजट को ऐतिहासिक बताया है वहीं भाजपा ने लोकलुभावन करार दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में बजट (आय-व्यय अनुमान वर्ष 2022-23) पेश किया।
जयपुर, 23 फरवरी राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने जहां आगामी वित्त वर्ष के बजट को ऐतिहासिक बताया है वहीं भाजपा ने लोकलुभावन करार दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में बजट (आय-व्यय अनुमान वर्ष 2022-23) पेश किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने बजट पर प्रतिक्रिया में कहा कि चुनाव जैसा लोकलुभावन बजट है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी घोषणा करते हैं, कथनी और करनी में अंतर है। इस तरह की घोषणाएं हैं जैसे कल ही चुनाव में जाना है, लेकिन वादाखिलाफी एवं झूठे वादों से प्रदेश का किसान और युवा 2023 में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के लिए आक्रोशित है।’’
उन्होंने कहा कि बजट का रूप आमदनी अठन्नी-खर्चा रुपया जैसा है। बजटीय प्रावधानों का वित्तीय स्रोत क्या होगा, समझना मुश्किल है। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश का यह बजट हर वर्ग को निराश करने वाला है जिसका आधार नीति नहीं,राजनीति है।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कपोल कल्पित घोषणाओं के आधार पर सदन में रखा गया बजट राज्य की साढे सात करोड़ की जनता के साथ छलावा है।वहीं कांग्रेस नेताओं ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए स्वागत किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा,‘‘ऐतिहासिक बजट, शानदार बजट, सब वर्गों को साथ लेते हुए, सब वर्गों के कल्याण के लिए। तमाम वर्गों में खुशी का माहौल है।’’ डोटासरा ने कहा कि बजट की सबसे बड़ी घोषणा कर्मचारी वर्ग के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करना है।
जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी ने बजट को प्रदेश की जनता में नया जोश, स्फूर्ति, आशा एवं ऊर्जा का संचार करने तथा शासन की जनता के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता को नए आयाम देने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि बजट प्रदेश के इतिहास का अब तक का सबसे कल्याणकारी बजट है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने बजट को ऐतिहासिक बजट बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी तबकों को राहत देते हुए बेहतरीन बजट पेश किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 23, 2022 10:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

