एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान : बांधों के निर्माण के लिए राज्य की हिस्सेदारी से 95 करोड़ रुपये मंजूर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान सरकार ने यमुना जल समझौते के तहत हो रहे निर्माण कार्यों में हिस्सेदारी के रूप में 95 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।

देश की खबरें | राजस्थान : बांधों के निर्माण के लिए राज्य की हिस्सेदारी से 95 करोड़ रुपये मंजूर

जयपुर, 19 जुलाई राजस्थान सरकार ने यमुना जल समझौते के तहत हो रहे निर्माण कार्यों में हिस्सेदारी के रूप में 95 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना बेसिन के ऊपरी भाग में स्थित रेणुकाजी (हिमाचल प्रदेश) एवं लखवार बांध (उत्तराखण्ड) के निर्माण कार्यों के लिए राज्य की हिस्सा राशि में से 95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इससे निर्माण कार्यों को गति मिलेगी और तय समय सीमा में प्रदेश में जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। बांधों के निर्माण से राज्य के हिस्से का जल वर्ष पर्यन्त उपलब्ध हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संसाधनों की महत्ता को ध्यान में रखते हुए दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता से राज्य में जल परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना चूरू, सीकर, झुंझुनूं सहित अन्य क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी। इससे पेयजल और सिंचाई की स्थायी सुविधा सुनिश्चित होगी।

उल्लेखनीय है कि यमुना नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तीन प्रमुख बांधों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से वर्तमान में लखवार और रेणुकाजी बांधों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

यमुना नदी बोर्ड द्वारा इन परियोजनाओं की कुल लागत 11,320.46 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें राजस्थान की हिस्सेदारी 215.66 करोड़ रुपये है।

शर्मा ने बोर्ड की मांग को ध्यान में रखते हुए 95 करोड़ रुपये राशि की स्वीकृति प्रदान कर राज्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है।

हथिनी कुंड बैराज से राज्य में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गठित कार्यबल की तीसरी बैठक 30 जून 2025 को पंचकूला में हुई थी। इसमें राजस्थान और हरियाणा के अधिकारियों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).