देश की खबरें | राजस्थान : सरकारी अस्पताल के परिसर में चिकित्सक का जला हुआ शव मिला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के जालौर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल के परिसर में स्थित एक कमरे में सोमवार सुबह एक चिकित्सक का जला हुआ शव मिला।

जयपुर, तीन फरवरी राजस्थान के जालौर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल के परिसर में स्थित एक कमरे में सोमवार सुबह एक चिकित्सक का जला हुआ शव मिला।

सर्किल अधिकारी गौतम जैन ने बताया कि उम्मेदाबाद के आयुर्वेद अस्पताल में कार्यरत डॉ. मुरारीलाल मीणा (45) अस्पताल परिसर में बने कमरे में रहते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह डॉ. मीणा के कमरे से धुआं निकलता देख पुलिस को सूचित किया गया।

जैन के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में मीणा का जला हुआ शव मिला। उन्होंने बताया कि प्रथमदृया ऐसा प्रतीत होता है कि डॉ. मीणा कमरे में बैठकर सिगरेट पी रहे थे, तभी वहां आग लग गई और वह उसकी चपेट में आ गए।

जैन के मुताबिक, डॉ. मीणा अस्पताल परिसर में पीछे बने कमरे में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि घटना के समय डॉ. मीणा घर में अकेले थे, क्योंकि उनकी पत्नी और बेटा एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जयपुर गए हुए थे।

जैन के अनुसार, घटना के संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक चिकित्सक को शरीर और घुटनों में दर्द की शिकायत थी, जिससे उन्हें चलने-फिरने व उठने-बैठने में दिक्कत होती थी।

जैन के मुताबिक, डॉ. मीणा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\