देश की खबरें | राजस्थान: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 152 उम्मीदवार करेंगे मुकाबला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 152 उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं।
जयपुर, आठ अप्रैल राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 152 उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं।
इसके साथ ही राजस्थान के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इनमें से 114 उम्मीदवार पहले चरण में और 152 उम्मीदवार दूसरे चरण में चुनाव मैदान में हैं।
रोचक यह है कि बांसवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार अरविंद डामोर ने पार्टी द्वारा भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के प्रत्याशी को समर्थन दिए जाने की घोषणा के बावजूद नामांकन पत्र वापस नहीं लिया।
इसके अलावा बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी कपूर सिंह ने भी नामांकन वापस नहीं लिया।
राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार शाम 'एक्स' पर पोस्ट किया था,‘‘कांग्रेस आगामी चुनाव में भारतीय आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन बांसवाड़ा संसदीय क्षेत्र और बागीदौरा विधानसभा के उपचुनाव में करेगी। भारत के संविधान और लोकतंत्र को बचाना हमारा प्राथमिक उद्देश्य है।’’
नामांकन वापसी के सोमवार को आखिरी दिन कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों अरविंद डामोर (लोकसभा) और कपूर सिंह (विधानसभा उपचुनाव) ने नामांकन वापस नहीं लिया। पार्टी नेताओं का उनसे संपर्क नहीं हो सका।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को जयपुर में कहा कि नामांकन वापस नहीं लेने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि सोमवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन 10 लोकसभा क्षेत्रों के कुल 31 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। इन 13 क्षेत्रों में पांच अप्रैल तक 191 अभ्यर्थियों ने नामांकन किए थे, जिसमें से आठ अभ्यर्थियों ने शनिवार को नाम वापस ले लिए।
गुप्ता ने बताया कि सोमवार को जालोर लोकसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 10 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए। इसके अतिरिक्त, बाड़मेर से छह, अजमेर, पाली और कोटा लोकसभा क्षेत्रों से तीन-तीन, भीलवाड़ा से दो तथा टोंक-सवाई माधोपुर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ और राजसमन्द लोकसभा क्षेत्रों से एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस लिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में सर्वाधिक 18 उम्मीदवार चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र से और सबसे कम सात उम्मीदवार झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र से मैदान में हैं।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती चार जून को होगी।
पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।
टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की शेष 13 सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।
बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के तहत बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव 26 अप्रैल को दूसरे चरण में होगा। यह सीट कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हो गई थी। मालवीया बांसवाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2024 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

