देश की खबरें | दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश, अधिकतम तापमान गिरकर 22.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 22.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि इस मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री कम है।
नयी दिल्ली, 10 नवंबर राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 22.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि इस मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री कम है।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के अन्य इलाकों में शुक्रवार को रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कुल 5.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा, ‘‘ बारिश आज खत्म हो जाएगी और कल से उत्तर-पश्चिमी हवाएं शुरू हो जाएंगी, जो अगले दो-चार दिनों तक जारी रहेंगी। इसके चलते दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' से 'खराब' श्रेणी में रहेगा। वायु प्रदूषण से राहत तो है लेकिन यह (स्थिति) बहुत अधिक समय तक नहीं रहेगी।’’
एक सप्ताह से अधिक समय तक प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बाद शुक्रवार की सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता में रात की बारिश के कारण स्पष्ट रूप से काफी सुधार हुआ।
राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के कारण 24 घंटे का औसत एक्यूआई 279 पर आ गया, जो बृहस्पतिवार (437) के मुकाबले एक महत्वपूर्ण सुधार है।
एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 450 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। एक्यूआई के 450 से ऊपर हो जाने पर इसे 'अति गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 10, 2023 09:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

