देश की खबरें | देश के विभिन्न भागों में बारिश, उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली और इसके पड़ोसी राज्यों सहित देश के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने बारिश का दौर कुछ और दिन तक जारी रहने का अनुमान जताया है।
नयी दिल्ली, एक मई दिल्ली और इसके पड़ोसी राज्यों सहित देश के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने बारिश का दौर कुछ और दिन तक जारी रहने का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और नोएडा में तेज बारिश के बीच एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के छज्जे का एक हिस्सा गिरने से दो लोग घायल हो गए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच बारिश हुई।
बुलेटिन में बताया गया है कि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल और लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
दिल्ली में भारी बारिश हुई, सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को बारिश से बचने के लिए इधर-उधर आश्रय लेना पड़ा। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे कई हिस्सों में यातायात की गति धीमी हो गई।
मूसलाधार बारिश से शहर का तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल के इस समय के औसत से 13 डिग्री कम है। यह 13 वर्षों में मई का दूसरा सबसे ठंडा दिन था। साथ ही लगातार दूसरा दिन था जब अधिकतम तापमान गर्मी के मौसम में सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम कार्यालय के अनुसार दिल्ली में 14.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने कहा कि दो मई को पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में कुछेक स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2023 12:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

