एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | रेलवे को टीम खिताब, नीतू और लवलीना ने स्वर्ण पदक जीते

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां संपन्न एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट में तीन स्वर्ण सहित नौ पदक जीतकर टीम खिताब अपने नाम किया।

खेल की खबरें | रेलवे को टीम खिताब, नीतू और लवलीना ने स्वर्ण पदक जीते

हैदराबाद, एक जुलाई रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां संपन्न एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट में तीन स्वर्ण सहित नौ पदक जीतकर टीम खिताब अपने नाम किया।

अंतिम दिन विश्व और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता नीतू घणघास (हरियाणा), ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (टॉप्स) और विश्व चैंपियन स्वीटी बूरा (साई एनसीओई) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

साई एनसीओई की संयुक्त टीम ने दो स्वर्ण सहित सात पदक हासिल किए, जबकि टॉप्स कोर एवं डेवलपमेंट टीम ने तीन स्वर्ण पदक जीते।

रेलवे के स्वर्ण पदक विजेताओं में बेबीरोजाना चानू (57 किग्रा), प्राची (60 किग्रा) और ज्योति (51 किग्रा) शामिल हैं। ज्योति को रिंग में उतरे बिना ही स्वर्ण पदक मिला क्योंकि तेलंगाना की निकहत जरीन चोट के कारण फाइनल से हट गईं।

आरएसपीबी ने विभिन्न भार वर्गों में तीन रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते।

विश्व चैंपियन नीतू ने 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में चंचल को 4-1 से जबकि स्वीटी ने रेलवे की अल्फिया को 5-0 से हराया।

लवलीना को भी लशु यादव के हटने से वॉकओवर जीत मिली, जबकि प्रीति ने 54 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

लवलीना ने कहा, "एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट में स्वर्ण जीतना मेरी तैयारियों के लिए एकदम सही शुरुआत है। यहां प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी थी।’’

स्वर्ण पदक जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों में पूर्व युवा विश्व चैंपियन अंकुशिता बोरो (65 किग्रा), रितिका (80 किग्रा से अधिक) और दिल्ली की शिवानी (70 किग्रा) शामिल हैं।

टूर्नामेंट के स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को अब पटियाला में राष्ट्रीय शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).