देश की खबरें | रेलवे भर्ती के लिए फर्जी विज्ञापन जारी करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेलवे में करीब पांच हजार पदों को भरने के लिए एक फर्जी विज्ञापन जारी करने के मामले में एक निजी एजेंसी के खिलाफ रेलवे ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 10 अगस्त रेलवे में करीब पांच हजार पदों को भरने के लिए एक फर्जी विज्ञापन जारी करने के मामले में एक निजी एजेंसी के खिलाफ रेलवे ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि यह विज्ञापन प्रमुख अखबारों में प्रकाशित किया गया था जिसमें कहा गया कि रेलवे ने आठ श्रेणियों में 5,285 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किया है।

यह भी पढ़े | 'आत्मनिर्भर भारत सप्ताह' के उद्घाटन अवसर पर आप सबके बीच उपस्थित होकर मुझे बड़ी खुशी हो रही है: रक्षा मंत्री : 10 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘रेल मंत्रालय के संज्ञान में आया कि एक संगठन जिसका नाम ‘अवेस्ट्रान इंफोटेक’ है, ने आठ अगस्त 2020 को प्रमुख अखबारों में विज्ञापन दिया और ऑउटसोर्सिंग के आधार पर भारतीय रेलवे में 11 साल तक संविदा पर काम करने के लिए आठ श्रेणियों में 5,285 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किया। आवेदकों से 750 रुपये बतौर आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा कराने को कहा गया। विज्ञापन में आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 सितंबर 2020 बताई गई है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह सूचित किया जाता है कि रेलवे में भर्ती के लिए हमेशा भारतीय रेलवे द्वारा ही विज्ञापन जारी किया जाता है। कोई निजी एजेंसी इसके लिए अधिकृत नहीं है। अत: उक्त विज्ञापन जारी करना गैर कानूनी है।’’

यह भी पढ़े | Rajasthan Political Crisis: बीएसपी से कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायकों के खिलाफ बीजेपी नेता मदन दिलावर की सुप्रीम कोर्ट में याचिका, सुनवाई कल तक के लिए स्थगित.

मंत्रालय ने कहा कि रेलवे संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारतीय रेलवे में समूह ‘ग’ और ‘घ’ श्रेणी की विभिन्न श्रेणियों में भर्ती मौजूदा समय में 21 रेलवे भर्ती बोर्ड और 16 रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ करते हैं, न कि कोई अन्य एजेंसी।

मंत्रालय ने कहा कि रेलवे में भर्ती केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना के जरिये होती है जिसे व्यापक तौर पर प्रचारित किया जाता है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ यह स्पष्ट किया जाता है कि रेलवे ने किसी निजी एजेंसी को भर्ती के लिए अधिकृत नहीं किया है जैसा कि उपरोक्त एजेंसी ने दावा किया है।’’

बयान में कहा गया, ‘‘रेलवे ने मामले की जांच शुरू की है और इस मामले में शामिल उपरोक्त एजेंसी अथवा व्यक्ति के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\