देश की खबरें | रेलवे महाशिवरात्रि पर प्रयागराज से 350 से अधिक ट्रेन चलाएगा: मंत्रालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेल मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि महाशिवरात्रि पर अंतिम अमृत स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से प्रयागराज महाकुंभ में पहुंच रहे तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए विस्तृत योजनाएं बनाई गई हैं।

नयी दिल्ली, 25 फरवरी रेल मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि महाशिवरात्रि पर अंतिम अमृत स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से प्रयागराज महाकुंभ में पहुंच रहे तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए विस्तृत योजनाएं बनाई गई हैं।

मंत्रालय की ओर से जारी किये गये बयान में कहा गया है, ‘‘महाकुंभ 2025 का अंतिम अमृत स्नान 26 फरवरी को है, ऐसे में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर स्नान करने के लिए प्रयागराज में एकत्रित हुए हैं।’’

बयान में कहा गया है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षित और आरामदेह वापसी के लिए कुल 350 ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है।

मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो दिनों-- रविवार और सोमवार को बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड में स्टेशनों पर अंतिम अमृत स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही।

मंत्रालय ने कहा,‘‘अमृत स्नान के बाद बड़ी संख्या में लोगों के अपने गृहनगर लौटने की उम्मीद है, जिससे रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ होने की संभावना है।’’

उसने कहा,‘‘इसे ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कार्यस्थलों पर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\