एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | राहुल की टिप्पणी, अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे पर लोस में हंगामा; कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र को लेकर लंदन में दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों और अडाणी समूह से जुड़े मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग को लेकर कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन लोकसभा में भारी हंगामा किया।

ताजा खबरें | राहुल की टिप्पणी, अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे पर लोस में हंगामा; कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

नयी दिल्ली, 16 मार्च कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र को लेकर लंदन में दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों और अडाणी समूह से जुड़े मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग को लेकर कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन लोकसभा में भारी हंगामा किया।

शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे पुन: शुरू हुई तो दोनों पक्षों के सदस्य अपने-अपने मुद्दों को लेकर नारेबाजी करने लगे।

पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, ‘‘मैं दोनों पक्षों से पूछना चाहता हूं कि चर्चा चाहते हैं या नहीं। सदन चर्चा के लिए है।’’

हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने बैठक कुछ ही देर में दिनभर के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक अब शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी।

बजट सत्र के दूसरे चरण में विपक्ष और सत्ता पक्ष के हंगामे के कारण लगातार चौथे दिन लोकसभा में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सका।

निचले सदन में आज तृणमूल कांग्रेस के सदस्य काली पट्टी से मुंह ढ़ककर आए थे । वहीं, पश्चिम बंगाल से भाजपा सदस्यों को राज्य के स्कूल भर्ती घोटाले को तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते देखा गया। साथ ही सत्तारूढ़ पार्टी के अन्य सदस्य लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बयान के मुद्दे को उठा रहे थे।

आज सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने का निर्देश दिया। इस बीच कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर अडाणी समूह से जुड़े मामले की जेपीसी जांच की अपनी मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे।

उधर सत्तापक्ष के कुछ सदस्य अपने स्थानों पर खड़े होकर विदेश में राहुल गांधी के भारतीय लोकतंत्र को लेकर दिये गये बयान पर उनसे माफी की मांग करने लगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आसन के पास नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और सत्ता पक्ष के सदस्यों से शांत होने की अपील की।

बिरला ने कहा, ‘‘ मैं सदन चलाना चाहता हूं। मैं आपको (विपक्ष) भी कहूंगा कि अपने स्थान पर बैठें और उनको (सत्ता पक्ष) भी कहूंगा कि बैठें।’’ उन्होंने कहा कि संसद की एक मर्यादा होती है और ‘‘हम संसद की मर्यादा को बनाए रखें।’’

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘क्या आप बजट पर चर्चा नहीं करना चाहते, क्या आप प्रश्नकाल नहीं चलने देना चाहते हैं?’’

हंगामा नहीं थमने पर अध्यक्ष बिरला ने सदन की बैठक शुरू होने के करीब पांच मिनट बाद ही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2023 02:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).