लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालें राहुल: कांग्रेस कार्य समिति
कांग्रेस कार्य समिति ने शनिवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालें. निचले सदन में पार्टी का नेता ही नेता प्रतिपक्ष होगा.
नयी दिल्ली, 8 जून : कांग्रेस कार्य समिति ने शनिवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालें. निचले सदन में पार्टी का नेता ही नेता प्रतिपक्ष होगा. कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में 99 सीट जीती हैं. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें लोकसभा चुनाव के दौरान खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी के ‘जोरदार प्रचार अभियान’ के लिए उनकी सराहना की गई. इसमें ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों को भी धन्यवाद दिया गया. विस्तारित कार्य समिति की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कार्य समिति के अन्य सदस्य एवं वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
कार्य समिति ने राहुल गांधी से नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह करते हुए भी एक प्रस्ताव पारित किया. वेणुगोपाल ने संवाददताओं से कहा कि कार्य समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आग्रह किया कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालें. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कार्य समिति के सदस्यों के विचार सुने और कहा कि वह इस बारे में जल्द फैसला करेंगे. वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान हमने बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के मुद्दे और सामाजिक न्याय जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए. इन मुद्दों को अब संसद के अंदर अधिक प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है. संसद में इस अभियान का नेतृत्व करने के लिए राहुल जी सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति हैं.’’ यह भी पढ़ें : लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने वाला विधेयक 17वीं लोकसभा के भंग होने के साथ कालातीत हुआ
कार्य समिति की बैठक में उन राज्यों के परिणाम को लेकर भी चर्चा की गई जहां पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘जिन राज्यों में हमारा प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा है, उनकी समीक्षा के लिए समिति का गठन किया जाएगा. समिति अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी.’’ कार्य समिति ने लोकसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के लिए पार्टी नेतृत्व की सराहना करते हुए प्रस्ताव पारित किया और कहा कि खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस चुनाव में जोरदार प्रचार अभियान की अगुवाई की.
कार्य समिति ने देश के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस में नयी जान फूंक दी है और पार्टी अब पुनरुत्थान के मार्ग पर मज़बूती से अग्रसर है. कार्य समिति द्वारा पारित प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘देश की जनता ने पिछले एक दशक के दौरान शासन की प्रकृति और शैली दोनों को निर्णायक रूप से नकार दिया है. लोकसभा चुनाव का ये जनादेश न केवल प्रधानमंत्री की राजनीतिक हार है, बल्कि उनकी नैतिक हार भी है.’’ प्रस्ताव में आगे कहा गया, ‘‘कांग्रेस को पुनरुत्थान के मार्ग पर मज़बूती से लाने के लिए पार्टी देश के लोगों को धन्यवाद देती है. कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मज़बूती से डटे रहे. इस देश के लोगों ने कांग्रेस में नयी जान फूंकी है, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 08, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

