एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राहुल पारिवारिक अपराधों को संरक्षण देने के लिए अपने संवैधानिक पद का इस्तेमाल कर रहे: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपने परिवार के अपराधों को ‘‘संरक्षण’’ देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करने का शनिवार को आरोप लगाया।

देश की खबरें | राहुल पारिवारिक अपराधों को संरक्षण देने के लिए अपने संवैधानिक पद का इस्तेमाल कर रहे: भाजपा

नयी दिल्ली, 19 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपने परिवार के अपराधों को ‘‘संरक्षण’’ देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करने का शनिवार को आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता द्वारा अपने बहनोई रॉबर्ट वाद्रा का बचाव किए जाने पर भाजपा राहुल गांधी पर लगातार निशाना साध रही है। वाद्रा पर प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन का आरोप लगाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाताओं कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन ‘‘आंतरिक कलह और बिखराव’’ से जूझ रहा है।

त्रिवेदी ने एक हिंदी गीत का जिक्र करते हुए विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि जब उसका वर्तमान इतनी बुरी स्थिति में है, तो उसका भविष्य कितना बदतर होगा।

आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह अब गठबंधन में शामिल नहीं है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केरल सरकार पर गांधी के हमले के बाद उनकी आलोचना की थी।

गांधी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा हरियाणा के शिकोहपुर में एक जमीन सौदे से जुड़े धन शोधन के मामले में रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद शुक्रवार को उनका खुलकर बचाव करते हुए कहा था कि दुर्भावनापूर्ण एवं राजनीति से प्रेरित कार्रवाई हो रही है, लेकिन वह अपने बहनोई और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।

गांधी की इस टिप्पणी के मद्देनजर भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेता के लिए यह स्पष्ट रूप से पारिवारिक मुद्दा है, न कि राजनीतिक।

उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी भ्रष्टाचार से अर्जित वाद्रा की संपत्तियों की रक्षा के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता खुद भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत पर बाहर हैं।

त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या गांधी ने यह संदेश निजी हैसियत से ‘पोस्ट’ किया या विपक्ष के नेता के रूप में इसे साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (गांधी ने) अपने पारिवारिक अपराधों को संरक्षण देने के लिए अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के ‘‘प्रथम परिवार’’ को सत्ता और धन चाहिए, भले ही इसका मतलब क्षेत्र या के नाम पर समाज को बांटना ही क्यों न हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 03:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).