देश की खबरें | राहुल गांधी सोमवार को बिहार का दौरा करेंगे, पदयात्रा में हिस्सा लेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार आएंगे और बेगूसराय में एक पदयात्रा में हिस्सा लेंगे तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने दी।
पटना, छह अप्रैल लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार आएंगे और बेगूसराय में एक पदयात्रा में हिस्सा लेंगे तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने दी।
कुमार ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और ‘‘पलायन रोको, नौकरी दो’’ पर राज्यव्यापी पदयात्रा के लिए बेगूसराय जाएंगे।
रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।
उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है, जो देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा है। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।’’
राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हैं।
बेगूसराय कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का गृह जिला है, जिन्होंने पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से पदयात्रा शुरू की है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था।
राहुल गांधी बेगूसराय से पटना लौटेंगे और ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘इसके बाद वह (राहुल) पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए सदाकत आश्रम आएंगे।’’
जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा है।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि वक्फ विधेयक को समर्थन देने के बाद जद(यू) में मची उथल-पुथल ‘‘मनोरंजक है, लेकिन निश्चित रूप से आश्चर्यजनक नहीं है।’’
खान ने शनिवार को जद(यू) कार्यालय में हुए संवाददाता सम्मेलन का जिक्र किया, जहां पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर पार्टी के मुस्लिम नेता जाने लगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 06, 2025 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

