एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल गांधी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के बाद बुधवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के अमेठी पहुंचे और मुंशीगंज में आयुध कारखाने का निरीक्षण किया। राहुल ने 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।

देश की खबरें | लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल गांधी

अमेठी, 30 अप्रैल कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के बाद बुधवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के अमेठी पहुंचे और मुंशीगंज में आयुध कारखाने का निरीक्षण किया। राहुल ने 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार के दौरान इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।

गांधी ने इसी परिसर में स्थित इंडो-एशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड की इकाई का भी निरीक्षण किया, जिसका उद्घाटन तीन मार्च, 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इन दोनों इकाइयों में राइफल का विनिर्माण कार्य अब शुरू हो चुका है।

कांग्रेस नेता ने इन दोनों कारखानों में करीब एक घंटा बिताया और राइफलों का परीक्षण किया। साथ ही उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया को समझने के लिए अधिकारियों से बातचीत भी की।

इसके बाद, वह संजय गांधी अस्पताल गए जहां उन्होंने लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक नयी हृदय इकाई का उद्घाटन किया। गांधी को इस सुविधा और अस्पताल के कामकाज के बारे में प्रशासक मनोज मट्टू द्वारा जानकारी दी गई। कांग्रेस नेता ने अस्पताल द्वारा संचालित एक नयी एम्बुलेंस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई।

यात्रा के दौरान, गांधी ने इंदिरा गांधी कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रगति की समीक्षा की। इस परियोजना से राहुल गांधी निजी तौर पर जुड़े हुए हैं और इसे अपने सपने की परियोजना मानते हैं। उन्होंने यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की और संस्थान की गतिविधियों का जायजा लिया।

संजय गांधी अस्पताल और इंदिरा गांधी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, दोनों का प्रबंधन नयी दिल्ली स्थित संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किया जाता है जिसकी अध्यक्ष कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी हैं और राहुल गांधी इसके ट्रस्टी हैं।

राहुल गांधी ने अपना राजनीतिक सफर अमेठी के सांसद के रूप में शुरू किया और 2019 तक इस लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्मृति ईरानी से वह चुनाव हार गए थे। वर्ष 2024 में उन्होंने रायबरेली से चुनाव लड़ा और वहां से जीत हासिल की।

अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा राहुल गांधी की इस यात्रा में उनके साथ थे।

हालांकि, राहुल गांधी की यह यात्रा विवाद से परे नहीं रही। उनके आगमन से पूर्व गांधी के खिलाफ यहां पोस्टर लगाए गए थे जिसमें “आतंक का साथी राहुल गांधी” लिखा गया था।

वहीं, संजय गांधी अस्पताल के गेस्ट हाउस गेट के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया और “राहुल गांधी अमेठी छोड़ो” के नारे लगाए।

इस पूरी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अमेठी यात्रा पूरी कर कश्मीर घाटी के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिलने कानपुर जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2025 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).