देश की खबरें | देश हित के खिलाफ काम कर रहे हैं राहुल गांधी, उन्हें संविधान का अध्ययन करना चाहिए : राजीव चंद्रशेखर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें संविधान का अध्ययन करने की सलाह दी।
तिरुवनंतपुरम, पांच अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें संविधान का अध्ययन करने की सलाह दी।
चंद्रशेखर ने राहुल से कहा कि वह अपने 'झूठ' के लिए संविधान का कथित रूप से 'दुरुपयोग' करने से पहले उसे पढ़ें और उसका अध्ययन करें।
पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि यदि सांसदों को अभियोजन से संरक्षण नहीं मिलता तो संसद में कांग्रेस सांसदों को वक्फ संशोधन विधेयक पर बहस के दौरान कथित तौर पर फैलाए गए ‘झूठ’ और सांप्रदायिक नफरत के लिए कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता।
भाजपा नेता ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राहुल गांधी, जो एक ओर तो संविधान का प्रचार कर रहे हैं और दूसरी ओर भारत के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं, उनसे मैं कहना चाहूंगा कि अपने ‘झूठ’ के लिए संविधान का दुरुपयोग करने से पहले आपको इसे पढ़ने और अध्ययन करने का प्रयास करना चाहिए।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि वक्फ विधेयक और इसके पिछले संशोधन पिछली कांग्रेस सरकारों द्वारा उनकी 'तुष्टिकरण की राजनीति' के तहत लाए गए थे।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वक्फ संशोधन विधेयक के माध्यम से मुस्लिम समुदाय के लोगों के संपत्ति संबंधी अधिकारों की बहाली और गरीबों द्वारा वक्फ संपत्तियों के उपयोग का मार्ग प्रशस्त किया है।
संसद ने शुक्रवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक-2025 को पारित कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)