देश की खबरें | राहुल गांधी ‘छल-कपट और झूठ’ की राजनीति का पर्याय बन गए हैं : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह ‘‘छल, कपट और झूठ की राजनीति का पर्याय बन गये हैं।’’
नयी दिल्ली, 10 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह ‘‘छल, कपट और झूठ की राजनीति का पर्याय बन गये हैं।’’
भाजपा ने आरोप लगाया कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया है।
यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी द्वारा किए गए कुल 59 वादों में से सिर्फ दो को पूरा किया है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शिक्षा पर किए गए सात चुनावी वादों में से छह और रोजगार की समस्या से निपटने के लिए किए गए 15 में से 14 वादों को पूरा करने में विफल रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि वादे तोड़ना ‘‘कांग्रेस और राहुल गांधी के डीएनए’’ में है क्योंकि कर्नाटक में पार्टी द्वारा केवल तीन प्रतिशत चुनावी वादे पूरे किए गए तथा शेष 97 प्रतिशत अधूरे रह गए।
भाटिया ने कहा, ‘‘कर्नाटक के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जहां-जहां कांग्रेस सत्ता में है, वहां के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। राहुल गांधी छल, कपट, झूठ और धोखे की राजनीति का पर्याय बन चुके हैं।’’
भाटिया ने कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए गांधी पर निशाना साधा और कांग्रेस नेता पर वोट पाने के लिए ‘‘दिखावे की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उनके (राहुल गांधी) पास दिल्ली में किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मिलने का समय है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कर्नाटक में 1,200 से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। राहुल गांधी उनसे मिलने या कर्नाटक के मुख्यमंत्री को इन मामलों का संज्ञान लेने का निर्देश देने के लिए एक मिनट भी क्यों नहीं निकाल पाए?’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा इसलिए है क्योंकि गांधी की प्राथमिकताएं अलग हैं। यह चिंताजनक है कि वह कर्नाटक के लोगों को एक ऐसा मुख्यमंत्री देते हैं जो खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है। हम सभी एमयूडीए घोटाले के बारे में जानते हैं जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की जमीन मुख्यमंत्री की पत्नी को आवंटित की गई है।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस किसान विरोधी होने के साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग विरोधी भी है। उसने झूठे वादे किए और चुनाव के बाद उन्हें पूरा करने में विफल रहे, जो देश के लोगों को धोखा देने के समान है।’’
भाटिया ने हाल ही में संपन्न संसद सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के विरोध की भी आलोचना की और कहा कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जन कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया, जबकि विपक्षी दल, ‘‘विशेष रूप से कांग्रेस और राहुल गांधी’’ नकारात्मक राजनीति में लगे रहे।
विपक्षी दलों द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को उनके पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने पर विचार करने संबंधी सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि समय आने पर उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को यादगार बनाने की अपील को लेकर कांग्रेस द्वारा उन पर कटाक्ष किए जाने पर भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस भारत विरोधी, तिरंगा विरोधी और नागरिक विरोधी है। उसके दिमाग में विनाश, उकसावे और अराजकता के अलावा कुछ नहीं है।’’
कांग्रेस ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उस राष्ट्रीय प्रतीक को हथियाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे उनके 'वैचारिक परिवार' ने लंबे समय तक अस्वीकार किया था।
शफीक रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2024 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

