देश की खबरें | राहुल गांधी ने खंडवा की बलात्कार पीड़िता के परिजनों को मदद का आश्वासन दिया

खंडवा (मप्र), 28 मई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के खंडवा में पिछले दिनों हुए निर्मम हत्या और बलात्कार कांड की पीड़िता के परिजनों से बुधवार को बात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया बुधवार को पीड़िता के घर पहुंचे और फिर उन्होंने परिवार के एक सदस्य से राहुल गांधी की फोन पर बात कराई।

कांग्रेस की ओर से जारी किए गए बातचीत के इस वीडियो में राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

उन्होंने भूरिया से कहा कि वह पीड़ित परिवार का समर्थन करने के साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास करें कि दोषियों को सजा मिले। बातचीत के दौरान पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने पूरी घटना की जानकारी दी और यह भी बताया कि दोनों आरोपी उनके गांव के ही हैं।

उल्लेखनीय है कि गत शनिवार को खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर खालवा तहसील में दो लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद 45 वर्षीय एक आदिवासी महिला की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आया है कि आरोपियों ने बेहद क्रूरता से इस हत्या और बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था।

इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक महिला के दो बच्चे हैं और वह तथा आरोपी कोरकू आदिवासी समुदाय से हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)