देश की खबरें | एंबुलेंस में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रैकेट का भंडाफोड़ : पंजाब पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने रविवार को एक एंबुलेंस में अफीम की तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक अंतर-राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।
चंडीगढ़, 24 जुलाई पंजाब पुलिस ने रविवार को एक एंबुलेंस में अफीम की तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक अंतर-राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शील सोनी ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने शनिवार को अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर एक एंबुलेंस से आठ किलो अफीम जब्त की।
उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी करीब 10-12 बार नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिद टीम ने अंबाला की ओर से आ रही एक एम्बुलेंस को रोक कर अफीम की तस्करी के उनके नये तरीके का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने बताया कि वाहन के अंदर दो व्यक्ति मौजूद थे। एक रोगी के रूप में स्ट्रेचर पर लेटा हुआ था, जबकि दूसरा उसके पास बैठा था। तीसरा व्यक्ति वाहन चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान वाहन में मेडिकल टीम या ऑक्सीजन सिलेंडर और यहां तक कि प्राथमिक चिकित्सा का कोई सामान नहीं मिला, जिसके बाद संदेह और बढ़ गया।
पुलिस ने कहा कि एंबुलेंस की पूरी तलाश करने पर रोगी बनने का ढोंग कर रहे व्यक्ति के सिर के नीचे रखे तकिए के अंदर से आठ किलो अफीम बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रवि श्रीवास्तव, मोहाली निवासी हरिंदर शर्मा और चंडीगढ़ निवासी अंकुश के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ मादक पदार्थ रोधी अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)