देश की खबरें | दिल्ली से मंगलवार से शुरू होगा ‘नशा छोड़ो’ अभियान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को यहां लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने का अभियान शुरू किया जाएगा।
नयी दिल्ली, सात अगस्त केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को यहां लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने का अभियान शुरू किया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ‘हिंदुस्तानियो नशा छोड़ो’ अभियान की शुरुआत पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री किशोर इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता होंगे।
किशोर ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "मैंने अपने बेटे (आकाश किशोर) को 2020 में शराब की वजह से खो दिया और मैंने भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। फिर मैंने एक अभियान शुरू किया और अब तक 18 लाख लोगों ने नशा नहीं करने का संकल्प लिया है तथा 10,000 लोगों ने मादक पदार्थों का इस्तेमाल बंद कर दिया है।"
उन्होंने कहा, "चूंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, इसलिए हमने नौ अगस्त को दिल्ली विश्वविद्यालय के खेल परिसर में 'हिंदुस्तानियो नशा छोड़ो' अभियान शुरू करने का फैसला किया है।"
अभियान के तहत इससे जुड़ा हर व्यक्ति हर महीने एक व्यक्ति को अभियान से जोड़ने और भारत को नशामुक्त बनाने में मदद करने का संकल्प लेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)