देश की खबरें | पुष्कर सिंह धामी ने कॉर्बेट में जंगल सफारी का आनंद लिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर के साथ)
(तस्वीर के साथ)
देहरादून, छह जुलाई उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी का आनंद लिया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 1000 से अधिक पौधों के सामूहिक रोपण में हिस्सा लिया।
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि नैनीताल के रामनगर में कॉर्बट पार्क में जंगल सफारी के दौरान वन्य जीवन की अद्भुत और रोमांचकारी झलक देखने को मिली । उन्होंने कहा,‘‘ जैव विविधता के बीच यह अनुभव प्रकृति की अनमोल विरासत से जुड़ने का अवसर बना ।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप जंगल सफारी पर्यटन को आज एक नई पहचान मिली है । उन्होंने कहा, ‘‘देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड आ रहे हैं जिससे राज्य की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए द्वार भी खुले हैं।’’
इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वन विभाग, स्थानीय समुदाय और पर्यावरण प्रेमियों के सहयोग से 1000 से अधिक पौधों का सामूहिक रोपण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महज एक पौधारोपण नहीं, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान का भावपूर्ण प्रतीक है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी भेंट की तथा उनके द्वारा वनों एवं वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की । उन्होंने विभाग की प्रतिबद्धता और समर्पण को राज्य की हरियाली एवं जैव विविधता के संरक्षण हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

