एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब : विभिन्न दलों के सिख नेताओं ने दिलजीत दोसांझ का समर्थन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर को भूमिका दिये जाने को लेकर उठे विवाद के बीच, विभिन्न दलों के सिख नेताओं ने दोसांझ का समर्थन किया है और उनकी नागरिकता रद्द करने की मांग को अनुचित करार दिया है।

देश की खबरें | पंजाब : विभिन्न दलों के सिख नेताओं ने दिलजीत दोसांझ का समर्थन किया

चंडीगढ़, छह जुलाई गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर को भूमिका दिये जाने को लेकर उठे विवाद के बीच, विभिन्न दलों के सिख नेताओं ने दोसांझ का समर्थन किया है और उनकी नागरिकता रद्द करने की मांग को अनुचित करार दिया है।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) जैसे कर्मचारी संघों ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर आमिर के साथ काम करने के लिए दोसांझ की आलोचना की है।

एफडब्ल्यूआईसीई ने मांग की है कि दोसांझ की नागरिकता रद्द की जाए। कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने भी पंजाबी फिल्मों के अभिनेता और संगीतकार पर रोक लगाने की मांग की है।

नेताओं ने भारत में फिल्म को रिलीज करने की अनुमति देने की अपील नहीं की है, लेकिन उन्होंने दोसांझ की भारतीय नागरिकता रद्द करने की कुछ लोगों की मांग का विरोध किया है। दोसांझ की फिल्म को विदेश में रिलीज कर दिया गया है।

कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आर पी सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के कुलतार संधवान सहित विभिन्न नेता दोसांझ के समर्थन में सामने आए हैं।

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने हाल ही में कहा था कि फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री को भूमिका देने के मुद्दे पर दोसांझ की भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग न केवल अनुचित है, बल्कि पूरी तरह अन्यायपूर्ण भी है।

बाजवा ने कहा, ‘‘दोसांझ एक प्रसिद्ध भारतीय कलाकार हैं, जिन्होंने वैश्विक मंच पर हम सभी को गौरवान्वित किया है। वह भारतीय और पंजाबी संस्कृति को ‘कोचेला’ (कोलरेडो में आयोजित मशहूर वार्षिक संगीत उत्सव) ले गए और मेट गाला कार्यक्रम में हमारी विरासत का प्रतिनिधित्व किया, जो दुनिया भर में प्रतिष्ठित मंच हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व की सराहना की जानी चाहिए, उस पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।

बाजवा ने कहा, ‘‘अपनी प्रतिभा पर हमला करना, खासकर किसी ऐसे व्यक्ति पर जिसने लगातार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया है, न केवल अनुचित है, बल्कि यह प्रतिगामी भी है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि कला क्षेत्र में सहयोग का इस तरह से राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर पी सिंह ने हाल ही में कहा था कि दोसांझ सिर्फ एक मशहूर कलाकार ही नहीं, बल्कि वह एक राष्ट्रीय धरोहर और भारतीय संस्कृति के वैश्विक दूत हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एफडब्लूआईसीई द्वारा अनजाने में और घटना से पहले की गई फिल्म की शूटिंग के कारण उनकी भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग न केवल अनुचित है, बल्कि चौंकाने वाली है। पाकिस्तानी अभिनेत्री वाली फिल्म की शूटिंग पहलगाम हमले से पहले की गई थी।’’

सिंह ने कहा, ‘‘यदि कोई नाराजगी है, तो उसे बहिष्कार या यह आग्रह करके व्यक्त किया जा सकता है कि फिल्म को भारत में प्रदर्शित न किया जाए, लेकिन दिलजीत की देशभक्ति पर हमला करना और ऐसा चरम कदम उठाने की मांग करना पूरी तरह से अतार्किक है।’’

शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी ने भी दोसांझ के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि अभिनेता को गलत तरीके से परेशान किया जा रहा है। उसने कहा कि दोसांझ को अनावश्यक विवाद में फंसाया जा रहा है और नफरत की राजनीति को हतोत्साहित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

पंजाब विधानसभा अध्यक्ष और आप नेता संधवान ने भी दोसांझ का समर्थन किया है।

भाजपा नेता और अभिनेता हॉबी धालीवाल ने भी दोसांझ का समर्थन करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक कलाकार नहीं हैं, बल्कि पंजाबी संस्कृति का विश्व स्तर पर सम्मानित चेहरा हैं।

दोसांझ ने हाल ही में पाकिस्तानी अभिनेत्री आमिर को फिल्म में भूमिका देने के विवाद के बीच ‘सरदार जी 3’ को विदेशी धरती पर रिलीज करने के अपने फैसले का बचाव किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 07:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).