देश की खबरें | पंजाब: 2015 की बेअदबी की घटनाओं के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक संदीप बरेटा गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब में 2015 में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी के मामलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल संदीप बरेटा को कर्नाटक में बेंगलुरु हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 23 मई पंजाब में 2015 में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी के मामलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल संदीप बरेटा को कर्नाटक में बेंगलुरु हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बरेटा को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था और पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ ‘लुकआउट’ नोटिस जारी किया था। वह 2015 में फरीदकोट में हुए धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी से संबंधित मामलों में आरोपी है। यह घटनाएं बरगाड़ी में हुई थी।
पंजाब पुलिस ने बरेटा को पूछताछ के लिए लाने के वस्ते एक टीम को भेजा है। फरीदकोट में हुई घटनाओं के बाद प्रदर्शन हुए थे। अक्टूबर 2015 में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी कर दी थी जिसमें बहबल कलां में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि फरीदकोट के कोटकपुरा में कुछ लोग जख्मी हो गए थे।
पुलिस ने ट्विटर पर कहा, “ बरगाड़ी बेअदबी मामलों में भगोड़ा अपराधी संदीप बरेटा को पंजाब पुलिस द्वारा जारी लुकआउट नोटिस के आधार पर आज बेंगलुरु हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।”
पुलिस ने कहा कि आरोपी को अदालत के समक्ष पेश करने और उसे हिरासत में लेने के लिए पुलिस दल भेजा गया है।
पंजाब पुलिस की जांच रिपोर्ट में साल 2015 में हुई गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं के लिए सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा पंथ को जिम्मेदार ठहराया गया था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसपीएस परमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) बेअदबी की घटनाओं की जांच कर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)