एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने नार्को-हथियार, नार्को-हवाला मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया; नौ लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उसने एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-हथियार मॉड्यूल और एक अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ कर कर्नाटक के दो निवासियों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने नार्को-हथियार, नार्को-हवाला मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया; नौ लोग गिरफ्तार

चंडीगढ़, चार जुलाई पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उसने एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-हथियार मॉड्यूल और एक अंतरराज्यीय हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ कर कर्नाटक के दो निवासियों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 1.15 किलोग्राम हेरोइन, पांच अत्याधुनिक पिस्तौल और 9.7 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे तस्करी मॉड्यूल का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

प्रथम अभियान का विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि एक खुफिया अभियान में, पुलिस दलों ने नार्को-हथियार मॉड्यूल में शामिल तीन लोगों जसप्रीत, हरप्रीत और तेजबीर को गिरफ्तार किया और उनके पास से तीन 9 एमएम पिस्तौल, दो प्वाइंट 30 बोर चीनी पिस्तौल समेत पांच अत्याधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद की।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जसप्रीत और हरप्रीत हाल में मलेशिया से लौटे थे और मलेशिया तथा पाकिस्तान में अपने आकाओं के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि वे अपने दोस्त तेजबीर के साथ अमृतसर इलाके में आए और अपने आकाओं के निर्देश पर हथियार और मादक पदार्थ की खेप उठाई।

उन्होंने बताया कि अमृतसर के सदर पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

भुल्लर ने बताया कि एक अन्य अभियान में पुलिस ने दिल्ली, कर्नाटक और दुबई से जुड़े नार्को-हवाला नेटवर्क में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 9.7 लाख रुपये नकद और 1.15 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने बताया कि वे अब्दुल रहमान और प्रदीप पिंटू द्वारा संचालित एक संगठित हवाला नेटवर्क का हिस्सा थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान जसप्रीत सिंह चौहान उर्फ ​​कालू (26), हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हैप्पी (25), तेजबीर सिंह उर्फ ​​तेजी (21), दानिश उर्फ ​​गग्गू (19), सलोनी (19), जोबनप्रीत सिंह उर्फ ​​जोबन (28), कुलविंदर सिंह (28), अब्दुल रहमान (45) और प्रदीप पिंटू (44) के रूप में हुई है। रहमान और पिंटू कर्नाटक के निवासी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 11:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).