देश की खबरें | पंजाब के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका

अमृतसर, 31 अगस्त पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को यहां स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका एवं अरदास की।

एक सरकारी बयान के अनुसार उन्होंने दुर्गियाना मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

बयान के मुताबिक अपने परिवारों के साथ पहुंचे कटारिया एवं मान ने हर क्षेत्र में पंजाब के अग्रणी राज्य बने रहने की प्रार्थना की।

बयान के अनुसार उन्होंने राज्य के लोगों के कल्याण के लिए अपने-अपने कर्तव्यों का सही से निर्वहन के लिए सर्वशक्तिमान से आशीर्वाद मांगा तथा प्रार्थना की कि पंजाब में सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारे एवं सौहार्द की भावना और मजबूत हो।

दोनों नेताओं ने जलियांवाला बाग स्मारक पर महान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि यह स्थल हमेशा युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

हाल में पंजाब के राज्यपाल बने कटारिया ने पत्रकारों से कहा कि वह इस पवित्र भूमि पर शीश झुकाने का अवसर पाकर धन्य हैं।

उन्होंने कहा कि महान सिख गुरुओं के जीवन और दर्शन ने सदियों से मानवता को निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित किया है।

इस बीच, मान ने राज्य में नए राज्यपाल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि राज्य को उनके समृद्ध प्रशासनिक अनुभव से काफी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दोनों ही अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में कुशलतापूर्वक काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पंजाब हर क्षेत्र में सफलता की नई कहानी लिखे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता कटारिया को 31 जुलाई को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में शपथ दिलायी गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)