पंजाब सरकार तीन मई तक लॉकडाउन में ढील नहीं देगी : मुख्यमंत्री
एक सरकारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने उपायुक्तों को सभी जिलों में कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के साथ ही जरूरी सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
चंडीगढ़, 19 अप्रैल पंजाब सरकार ने रविवार को कहा कि वह तीन मई तक लॉकडाउन में ढील नहीं देगी और आगे बढ़ने का ऐसा कोई भी निर्णय राज्य को लॉकडाउन से बाहर लाने के संबंध में गठित विशेषज्ञ समिति की ओर से रिपोर्ट सौंपने के बाद ही लिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि समिति इस सप्ताह अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।
एक सरकारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने उपायुक्तों को सभी जिलों में कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के साथ ही जरूरी सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सिंह ने अधिकारियों को अगले सप्ताह से शुरू होने जा रहे रमजान के महीने में भी कर्फ्यू पास (अनुमति पत्र) जारी नहीं करने को कहा है।
मंडियों में मानदंडों के अनुरूप स्वच्छता की स्थिति नहीं होने की खबरों के बीच सिंह ने इन केंद्रों का स्वास्थ्य ऑडिट करने का भी आदेश दिया है, जहां जून तक करीब 185 लाख मिट्रिक टन गेंहू पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को राशन और दैनिक जरूरत के सामान की दुकानों में भीड़ एकत्रित होने से रोकने और सामाजिक दूरी के नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए भी सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2020 09:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

